Bihar Politics: बेगूसराय में गिरिराज सिंह के लापता होने के लगाए पोस्टर, ढूंढने वाले को इनाम देने का ऐलान
Bihar Politics बीजेपी के फायरब्रांड नेता व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के लापता होने संबंधी पोस्टर उनके संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में लगाए गए हैं। क्या है मामला जानिए।
बेगूसराय, जेएनएन। लंबे समय से अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय (Begusarai) में नहीं आने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) के लापता होने संबंधी पोस्टर जिले में जगह-जगह लगाए गए हैं। पोस्टर में उन्हें ढूंढऩे वाले को इनाम देने का ऐलान किया गया है। यह पोस्टर किसने जारी किया गया है, इसका पता नहीं चल सका है, लेकिन इसपर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है।
बेगूसराय में जगह-जगह लगाए पोस्टर
बेगूसराय के व्यवहार न्यायालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, समाहरणालय, नगर पालिका चौक समेत अन्य चौक-चौराहों के अलावा विभिन्न प्रखंडों के मुख्य स्थानों पर गिरिराज सिंह के लापता होने से संबंधित पोस्टर लगाए गए हैं।
पोस्टर पर बीजेपी ने जताई आपत्ति
पोस्टर की जिम्मेवारी किसी भी दल या व्यक्ति ने नहीं ली है, लेकिन इसे लेकर सियासी उबाल आ गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं ने कांग्रेस (Congress) के लोगों पर सांसद को बदनाम करने की साजिश करने का आरोप लगाया है। बीजेपी नेता अमरेंद्र कुमार अमर ने कहा कि गिरिराज सिंह बेगूसराय की मिट्टी से जुड़े नेता हैं। लॉकडाउन (Lockdown) से पहले वे हर सप्ताह बेगूसराय के लोगों की बात सुनने के लिए आते थे,। कोरोना संक्रमण (CoronaVirus Infection) के कारण उत्पन्न परिस्थितियाें में ऐसा संभव नहीं हो पा रहा है। हालांकि, वे कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों के माध्यम से क्षेत्र का हाल लगातार ले रहे हैं।
घटना की जांच की मांग
जगह-जगह पोस्टर लगाए जाने पर बीजेपी जिला अध्यक्ष राजकिशोर सिंह ने आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे कुछ छुटभैय्या नेताओं का कारनामा बताया है। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से जांच करने और कार्रवाई करने की मांग की है।
गिरिराज का विवादों से रहा नाता
विदित हो कि गिरिराज सिंह बीजेपी के फायरब्रांड नेता व केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री हैं। वे अपने विवादित बयानों के लिए भी जाने जाते हैं। विवाद उनके साथ हमेशा जुड़े रहे हैं। ताजा मामला इसी की एक बड़ी है।