Move to Jagran APP

Bihar Politics: बिहार विधान परिषद में कांग्रेस के नेता का पद खाली; सवाल यह कि किसे मिलेगी जिम्‍मेदारी

Bihar Politics बिहार विधान परिषद में कांग्रेस के नेता का पद मई से ही खाली पड़ा है। यह जिम्‍मेदारी किसे मिलेगी इसे लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। इसपर केंद्रीय नेतृत्‍व को फैसला करना है। इसके पहले कांग्रेस विधायक दल के नेता के चुनाव के दौरान खूब हंगामा हुआ था।

By Amit AlokEdited By: Published: Mon, 30 Nov 2020 04:50 PM (IST)Updated: Tue, 01 Dec 2020 03:09 PM (IST)
Bihar Politics: बिहार विधान परिषद में कांग्रेस के नेता का पद खाली; सवाल यह कि किसे मिलेगी जिम्‍मेदारी
कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्‍यक्ष मदन मोहन झा। फाइल तस्‍वीर।

पटना, बिहार डिजिटल डेस्‍क। विधानसभा चुनाव के बाद विपक्षी महागठबंधन के घटक दल कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं दिख रहा है। कांग्रेस के विधायक दल के नेता के चुनाव के दौरान प्रदेश कांग्रेस मुख्‍यालय सदाकत आश्रम में खूब हंगामा हुआ था। पार्टी ने बिहार विधान परिषद् में अपने नेता का चयन अभी  तक नहीं किया है। जबकि, विधान परिषद् में कांग्रेस के नेता का कार्यकाल बीते छह मई को ही पूरा हो चुका है।

loksabha election banner

कांग्रेस विधायक दल के नेता का हो चुका चुनाव

विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद कांग्रेस विधायक दल ने 14 नवंबर को अपना नेता चुन लिया। इसके लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बिहार कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे थे। उन्‍होंने सभी विधायकों से बात भी की। सर्वसम्‍मति से नेता के चयन के तमाम एहतियात के बावजूद हंगामा हो गया। अब विधान परिषद के नेता के रूप में मदन मोहन झा का हटना तय माना जा रहा है।

विधान परिषद में पार्टी का कोई नेता नहीं

दरअसल, विधान परिषद् में कांग्रेस के नेता का कार्यकाल छह मई को पूरा हो चुका है। विधान परिषद में कांग्रेस के नेता रहे पार्टी के प्रदेश अध्‍यक्ष मदन मोहन झा फिर विधान परिषद् का चुनाव जीत गए हैं, लेकिन पार्टी उन्‍हें फिर से नेता बनाने का फैसला नहीं कर सकी है। विधानसभा के गठन के बाद हाल ही में हुए विधानमंडल के महत्वपूर्ण सत्र के दौरान भी विधान परिषद में कांग्रेस का कोई नेता नहीं था।

नेता चयन में मदन मोहन झा पर फंसा पेंच

दरअसल, नेता के चयन में पेंच कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा पर फंसा हुआ है। बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन को लेकर प्रदेश अध्‍यक्ष मदन मोहन झा ने इस्तीफे की पेशकश की है, जिसपर केंद्रीय नेतृत्‍व को फैसला लेना है। बिहार चुनाव प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल पहले ही इस्तीफा दे चुके हैं।

बिहार विधान परिषद् में फिलहाल कांग्रेस की ओर से प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, प्रेमचंद मिश्रा और राजेश कुमार राम सहित कुल चार सदस्‍य हैं। इन्‍हीें में से कोई सदन में पार्टी का नेता बनाया जाएगा। इस बाबत कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर फिलहाल जानकारी से इनकार करते हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.