विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar Politics: जमुई पीड़िता की तस्वीर पर घिरे CM सम्राट चौधरी, तेजस्वी ने मांगी FIR; POCSO को लेकर उठाए सवाल

Published: Fri, 25 Sep 2026 06:43 PM (IST)

जमुई में नाबालिग पीड़िता के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद बिहार की ...और पढ़ें

तेजस्वी यादव और सम्राट चौधरी

तेजस्वी यादव और सम्राट चौधरी

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नाबालिग पीड़िता संग तस्वीर पर सियासी घमासान।

  2. राजद ने POCSO कानून उल्लंघन का आरोप लगाया, कार्रवाई की मांग।

  3. तेजस्वी यादव और मीसा भारती ने सीएम के खिलाफ FIR मांगी।

राज्य ब्यूरो, पटना। जमुई की नाबालिग पीड़िता और उसके स्वजनों के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। तस्वीर बाद में मुख्यमंत्री के एक्स हैंडल से हटा दी गई।

इसके बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राजद सांसद मीसा भारती ने मुख्यमंत्री के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग उठाई।

तस्वीर हटने के बाद तेजस्वी ने उठाया POCSO का मुद्दा

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री पर नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर होने का आरोप लगाया। उन्होंने तस्वीर का स्क्रीनशाट साझा करते हुए POCSO एक्ट का हवाला दिया और बिहार पुलिस से कार्रवाई की मांग की। वहीं, मीसा भारती ने भी मुख्यमंत्री के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग उठाई।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पीड़िता और उसके परिवार को त्वरित न्याय का भरोसा दिया गया था। मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया हैंडल से साझा तस्वीर में पीड़िता का चेहरा धुंधला बताया गया, लेकिन विपक्ष ने आरोप लगाया कि इससे उसकी पहचान सामने आने की आशंका बनी। विवाद के बाद पोस्ट हटा दी गई।

राजद ने कहा- समान मामले में कार्रवाई का आधार भी समान हो

राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने मुख्यमंत्री के विरुद्ध POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि पीड़िता की पहचान या घटना से जुड़ी सामग्री प्रसारित करने के आरोप में अन्य लोगों के विरुद्ध कार्रवाई हुई है, इसलिए इस मामले में भी कानून के मुताबिक कार्रवाई होनी चाहिए।

राजद ने दावा किया कि पहचान और वीडियो प्रसारित करने के आरोप में बड़ी संख्या में लोगों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पार्टी ने मुख्यमंत्री के मामले में भी समान कानूनी प्रक्रिया अपनाने की मांग की है।

FIR नहीं हुई तो न्यायालय जाने की चेतावनी

मंगनी लाल मंडल ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो राजद न्यायालय का रुख करेगा। इस बयान के बाद मामला राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से आगे कानूनी कार्रवाई की मांग तक पहुंच गया है।

जमुई कांड में पहले से जारी है पुलिस कार्रवाई

जमुई की घटना को लेकर पुलिस पहले ही कार्रवाई कर रही है। घटना से संबंधित वीडियो और पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली सामग्री के प्रसार को लेकर भी पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है।

अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी नजर

पीड़िता की पहचान की गोपनीयता को लेकर उठे सवालों के बीच अब विपक्ष की मांग और पुलिस की अगली कार्रवाई पर नजर है। मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया हैंडल से तस्वीर हटाए जाने के बाद भी विवाद थमता नहीं दिख रहा है और राजद ने कानूनी कदम उठाने की चेतावनी दी है।

यह भी पढ़ें- जमुई छेड़खानी पीड़िता पहुंची CM सम्राट के पास, परिवार ने सुनाई पूरी बात; मुख्यमंत्री ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा

यह भी पढ़ें- 'मेरी बेटी जैसे गिड़गिड़ाई; वैसे ही बदमाशों में खौफ हो', जमुई कांड की पीड़िता की मां का CM से मिलकर छलका दर्द