बिहार में भाजपा-कांग्रेस के बीच आर-पार: खरगे के बयान पर बवाल के बाद सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
भाजपा द्वारा मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर प्रदर्शन के जवाब में बिहार कांग्रेस ने पलटवार की तैयारी की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम। (फाइल फोटो)
HighLights
भाजपा के खरगे बयान पर कांग्रेस का पलटवार।
बिहार के सभी जिलों में सड़क पर उतरेगी कांग्रेस।
कांग्रेस ने भाजपा पर बयान तोड़ने का आरोप लगाया।
राज्य ब्यूरो, पटना। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर भाजपा के हमलावर रुख के बीच बिहार कांग्रेस ने भी जवाबी मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है।
भाजपा की ओर से खरगे के खिलाफ किए जा रहे प्रदर्शन और पुतला दहन के विरोध में कांग्रेस मंगलवार को राज्य के सभी जिलों में प्रदर्शन करेगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला दहन कर भाजपा की राजनीति के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन अजय कुमार पासवान ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा खरगे के वक्तव्य को तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है और इसके आधार पर अमर्यादित राजनीतिक प्रदर्शन कर रही है।
कांग्रेस इसे भाजपा की नकारात्मक राजनीति और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उसके रवैये से जोड़कर जनता के बीच ले जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने दिया निर्देश
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने सभी जिला अध्यक्षों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने जिलों में पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ प्रदर्शन में शामिल होने का निर्देश दिया है।
पार्टी ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखते हुए भाजपा की राजनीति के खिलाफ जनता के बीच अपनी बात रखने को कहा है।
खरगे की टिप्पणी को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ी राजनीतिक तकरार के बीच मंगलवार का प्रदर्शन दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप को और तेज कर सकता है। कांग्रेस ने भाजपा के विरोध का जवाब अब प्रदेशव्यापी आंदोलन के जरिए देने की रणनीति बनाई है।
