'कोई पुलिस को चैलेंज करे तो उसे 48 घंटे में जवाब दें', बिहार CM सम्राट चौधरी का सख्त संदेश
बिहार में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस का अभियान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कानून व्यवस्था से कोई समझौता न करने का निर्देश दिया है, जिसके बाद पुलिस ने पांच दिनों में छह एनकाउंटर किए हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। फाइल
HighLights
सीएम सम्राट चौधरी का पुलिस को सख्त संदेश।
पांच दिनों में बिहार पुलिस ने किए छह एनकाउंटर।
अपराधियों में पुलिस कार्रवाई का बढ़ा खौफ।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस का सख्त अभियान अब लगातार तेज होता दिख रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, 'पुलिस बल से मेरा आग्रह है कि आप सुशासन स्थापित कीजिए। आपके परिवार की चिंता सरकार करेगी।
यदि कोई पुलिस को चुनौती देता है तो उसे 48 घंटे के भीतर जवाब मिलना चाहिए। पुलिस सुशासन और सख्ती दोनों के लिए है। अपराधी किसी भी हालत में बचने नहीं चाहिए।'
मुख्यमंत्री के इस बयान को पुलिस को खुली कार्रवाई की छूट के रूप में देखा जा रहा है। इसका असर भी जमीन पर दिखने लगा है।
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद महज पांच दिनों के भीतर बिहार पुलिस ने छह बड़े एनकाउंटर किए हैं। इनमें दो घटनाएं राजधानी पटना की हैं।
जहानाबाद से पटना तक लगातार कार्रवाई
ताजा मामला जहानाबाद का है, जहां 21 मई की रात दीपक कुमार हत्याकांड के मुख्य आरोपी बिक्कू सिंह उर्फ रावण को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
इससे पहले 19 मई को पटना में शिक्षक से लूटपाट और गोलीबारी के आरोपित संदीप उर्फ बादल को पुलिस ने पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था। उसके साथी प्रिंस को भी दबोचा गया।
उसी दिन सीएमएस वैन लूटकांड के आरोपित को भी पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। वहीं 20 मई को समस्तीपुर में एक लुटेरे के पैर में गोली लगी।
सिवान में सोना लूटकांड के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल किया, जबकि किशनगंज में बाइक चोर गिरोह के सदस्य को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया गया।
अपराधियों में बढ़ा खौफ
लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई का असर अपराधियों के बीच भी दिखाई देने लगा है। सूत्रों के अनुसार एक अपराधी ने पुलिस कार्रवाई के डर से पंडित बुलाकर पूजा करवाई और अपना हथियार गंगा नदी में प्रवाहित कर दिया।
हाल के प्रमुख एनकाउंटर
- 22 अप्रैल : पटना ज्वेलरी शॉप लूटकांड के आरोपी दिलीप कुमार के पैर में गोली
- 29 अप्रैल : भागलपुर नगर परिषद कार्यालय में कार्यपालक अधिकारी हत्याकांड के आरोपी रामधनी यादव का एनकाउंटर
- 30 अप्रैल : हर्ष हत्याकांड में छोटू यादव घायल
- 3 मई : भाजपा नेता के भांजे की हत्या मामले में सोनू यादव का एनकाउंटर
- 13 मई : बिहटा में विदेशिया और पप्पू राय को गोली मारकर गिरफ्तार
- 18 मई : अगमकुआं लूटकांड के आरोपी के पैर में गोली
- 19 मई : सिवान लूटकांड के आरोपी के दोनों घुटनों में गोली
- 20 मई : समस्तीपुर में लुटेरे पर कार्रवाई
- 21 मई : किशनगंज में बाइक चोर गिरोह का सदस्य घायल
- 21 मई : जहानाबाद में बिक्कू सिंह उर्फ रावण गिरफ्तार
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह साफ संकेत मिल रहा है कि बिहार पुलिस अब अपराधियों के खिलाफ आक्रामक रणनीति पर काम कर रही है और सरकार कानून व्यवस्था को लेकर किसी तरह की नरमी के मूड में नहीं है।