बिहार में आठ साल का इंतजार खत्म, जनवरी से पीएमसीएच में शुरू होगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल
पटना पीएमसीएच में आठ साल का इंतजार खत्म होने वाला है, जहां जनवरी से सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में छह अति विशिष्ट विभागों का उपचार शुरू होगा। इससे मरीजों को यूरोलॉजी, न्यूरो मेडिसिन सहित कई गंभीर बीमारियों के लिए एक ही छत के नीचे अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।

तीन माह में काम पूरा करने का एजेंसी को लक्ष्य
HighLights
जनवरी से पीएमसीएच में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का शुभारंभ।
छह अति विशिष्ट विभागों की चिकित्सा सुविधा एक छत के नीचे।
दिसंबर में मल्टीलेवल पार्किंग के तीनों चरण होंगे शुरू।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में आठ वर्षों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। नए वर्ष यानी जनवरी 2027 से यहां सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भवन में छह अति विशिष्ट विभागों के मरीजों का उपचार शुरू हो जाएगा।
इससे यूरोलाजी, न्यूरो मेडिसिन, न्यूरो सर्जरी, गैस्ट्रोएंटरोलाजी, एंडोक्राइनोलाजी और नेफ्रोलाजी के मरीजों को एक ही छत के नीचे अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। ओपीडी से लेकर सर्जरी, आइसीयू और वार्ड तक की व्यवस्था होगी। इससे गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों और उनके स्वजन को अलग-अलग भवनों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
तीन माह में काम पूरा करने का एजेंसी को लक्ष्य
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल को जल्द चालू करने के लिए नई एजेंसी को काम सौंपा गया है। एजेंसी ने तीन माह में निर्माण एवं अन्य जरूरी कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अक्टूबर से काम शुरू हुआ है।
अब जनवरी में अस्पताल शुरू करने की तैयारी है। इसके चालू होने से गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को एक ही परिसर में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
मल्टीलेवल पार्किंग के तीनों चरण दिसंबर में होंगे शुरू
पीएमसीएच में मरीजों, उनके स्वजन और चिकित्सकों को पार्किंग की समस्या से भी जल्द राहत मिलने वाली है। दिसंबर में मल्टीलेवल पार्किंग के तीनों चरण शुरू हो जाएंगे। पहले चरण में 750 वाहनों की पार्किंग तैयार है।
इसे पीजी चिकित्सकों के लिए शुरू कर दिया गया है। यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। पार्किंग में खड़े वाहनों की आनलाइन निगरानी होगी। सुरक्षा के लिए 15 गार्ड तैनात किए गए हैं।
मरीजों के स्वजन भी खड़े कर सकेंगे वाहन
मल्टीलेवल पार्किंग के दूसरे और तीसरे चरण के शुरू होने के बाद इसका संचालन अस्पताल प्रशासन के अधीन होगा। इसके बाद मरीजों के स्वजन भी अपने वाहन यहां खड़े कर सकेंगे। इससे अस्पताल परिसर में अनियंत्रित वाहन पार्किंग की समस्या कम होगी और मरीजों के आवागमन में भी सहूलियत मिलेगी।
जून तक नौ मंजिला भवन होगा तैयार, 2100 बेड की क्षमता
पीएमसीएच के दूसरे चरण के निर्माण कार्य के तहत टाटा वार्ड की जगह नौ मंजिला भवन बनाया जा रहा है। इसे जून तक तैयार करने का लक्ष्य है। इसके पूरा होने के बाद अस्पताल की कुल बेड क्षमता बढ़कर 2100 हो जाएगी। नए भवन में विभिन्न विभागों के लिए अतिरिक्त बेड की व्यवस्था होगी। इसका लाभ शिशु रोग और मनोचिकित्सा विभाग को भी मिलेगा।
मेडिसिन में 600 बेड शुरू, हड्डी रोग विभाग में भी इतनी क्षमता
वर्तमान में मेडिसिन विभाग में 600 बेड की सुविधा शुरू की जा चुकी है। वहीं, हड्डी रोग विभाग में भी 600 बेड की व्यवस्था होगी। पीएमसीएच के नए भवन में विभिन्न विभागों की ओपीडी के साथ इमरजेंसी और आपरेशन थिएटर (ओटी) की सेवाएं भी शुरू हो चुकी हैं। दूसरे चरण का भवन तैयार होने के बाद मरीजों को भर्ती करने की क्षमता में बड़ी वृद्धि होगी।
गंभीर मरीजों को मिलेगी एक ही परिसर में बेहतर सुविधा
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के शुरू होने और दूसरे चरण के भवन के तैयार होने से पीएमसीएच की उपचार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। छह अति विशिष्ट विभागों की सेवाएं एक जगह उपलब्ध होने से मरीजों को जांच, परामर्श, सर्जरी और भर्ती की सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
दिसंबर में पार्किंग, जनवरी में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू होने की उम्मीद
पीएमसीएच के अधीक्षक डा. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि नए वर्ष में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू होने की उम्मीद है। इसका काम अंतिम चरण में है। एजेंसी को तीन माह में काम पूरा करने का लक्ष्य दिया गया था और एक माह बीत चुका है। दिसंबर में मल्टीलेवल पार्किंग के सभी चरण भी शुरू हो जाएंगे। इससे चिकित्सकों के साथ मरीजों के स्वजन को भी वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।