विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेगूसराय-शिवहर को छोड़ सभी जिलों में धान खरीद के लिए एग्री स्टैक आईडी अनिवार्य नहीं, किसानों को बड़ी राहत

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:27 PM (IST)

राज्य सरकार ने बेगूसराय और शिवहर को छोड़कर बिहार के सभी जिलों में धान खरीद के लिए एग्री स्टैक आईडी की अनिवार्यता समाप्त कर दी है। अब किसान कृषि विभाग के डीबीटी निबंधन संख्या के आधार पर अपनी उपज बेच सकेंगे, जिससे उन्हें तकनीकी समस्याओं से राहत मिलेगी।

धान की खरीद पूर्व की भांति कृषि विभाग के डीबीटी निबंधन संख्या के आधार पर की जाएगी

धान की खरीद पूर्व की भांति कृषि विभाग के डीबीटी निबंधन संख्या के आधार पर की जाएगी

HighLights

  1. बेगूसराय-शिवहर छोड़ अन्य जिलों में एग्री स्टैक आईडी अनिवार्य नहीं।

  2. किसान अब डीबीटी निबंधन संख्या से बेच सकेंगे अपना धान।

  3. तकनीकी समस्याओं से किसानों को उपज बेचने में नहीं होगी परेशानी।

राज्य ब्यूरो, पटना। खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान अधिप्राप्ति को लेकर राज्य सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। बेगूसराय और शिवहर को छोड़ राज्य के शेष सभी जिलों में रैयत किसानों से धान की खरीद पूर्व की भांति कृषि विभाग के डीबीटी निबंधन संख्या के आधार पर की जाएगी।

भूमि विवरण अपूर्ण रहने से किसानों को हो रही थी परेशानी

एग्री स्टैक पोर्टल पर भूमि संबंधी विवरणी अपूर्ण रहने के कारण किसानों को धान बेचने के लिए आवेदन करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। किसानों की समस्याओं को देखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है। सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।

तकनीकी समस्या के कारण उपज बेचने से वंचित नहीं होंगे किसान

सहकारिता मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तकनीकी अथवा पोर्टल संबंधी समस्याओं के कारण कोई भी किसान अपनी उपज बेचने से वंचित न रहे। इसके लिए बेगूसराय और शिवहर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में पुरानी व्यवस्था बहाल रखी गई है।

डीबीटी निबंधन संख्या के आधार पर होगी खरीद

मालूम हो कि एग्री स्टैक आधारित धान अधिप्राप्ति व्यवस्था में किसानों की भूमि संबंधी विवरणी के आधार पर धान खरीद का प्रावधान किया गया था। हालांकि, आवेदन के दौरान कई किसानों की भूमि संबंधी जानकारी पोर्टल पर पूरी तरह उपलब्ध नहीं होने से परेशानी हो रही थी। अब किसान कृषि विभाग के डीबीटी निबंधन संख्या के आधार पर धान बेच सकेंगे।

सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश

सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह ने इस संबंध में सभी जिला पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसानों को धान अधिप्राप्ति में किसी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं हो।

किसान हितैषी व्यवस्था बनाना विभाग की प्राथमिकता

सहकारिता मंत्री ने स्पष्ट किया कि धान अधिप्राप्ति की पूरी व्यवस्था को किसान हितैषी, सरल और सुगम बनाने के लिए विभाग तत्पर है। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक तकनीकी प्रक्रियाओं और दस्तावेजी कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े, यह सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।