विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में धान खरीद में 72767 किसानों ने कराया रजिस्ट्रेशन, 3666 टन की खरीद पूरी; 48 घंटे में खाते में आएगी रकम

Published: Wed, 18 Nov 2026 07:10 PM (IST)

बिहार में सरकारी स्तर पर धान खरीद शुरू हो गई है, जिसमें अब तक 72,767 किसानों ने पंजीकरण कराया है ...और पढ़ें

पोर्टल पर निबंधन कराने की अपील(AI फोटो)

पोर्टल पर निबंधन कराने की अपील(AI फोटो)

HighLights

  1. बिहार में 72,767 किसानों ने धान बेचने के लिए आवेदन किया।

  2. अब तक 3,666 टन धान की खरीद पूरी हो चुकी है।

  3. किसानों को 48 घंटे में धान खरीद का भुगतान मिलेगा।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में सरकारी स्तर पर धान की खरीद शुरू हो चुकी है। अब तक 72,767 किसानों ने सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचने के लिए आवेदन किया है। अभी और किसानों के आवेदन आने की उम्मीद है। राज्य की 4,643 सरकारी समितियों के माध्यम से अब तक 3,666 टन धान की खरीद की जा चुकी है। सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने बुधवार को सभी जिलों को धान बिक्री के एवज में 48 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खाते में राशि का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

उत्तर बिहार में एक नवंबर से शुरू हुई खरीद

मंत्री के मुताबिक, उत्तर बिहार के जिलों में एक नवंबर और दक्षिण बिहार में 15 नवंबर से पैक्सों एवं व्यापार मंडलों के माध्यम से धान की खरीद की जा रही है। इस वर्ष राज्य में 35 लाख टन धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सामान्य धान का एमएसपी 2,441 रुपये प्रति क्विंटल

सरकार ने सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2,441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। वहीं, ग्रेड-ए धान के लिए किसानों को 2,461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

ऑनलाइन होगी धान अधिप्राप्ति की पूरी प्रक्रिया

मंत्री ने कहा कि धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाया जा रहा है। इसके लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित की जा रही है, ताकि किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो और उपज की बिक्री के बाद राशि सीधे उनके बैंक खाते में पहुंचे।

पोर्टल पर निबंधन कराने की अपील

सहकारिता विभाग के पोर्टल esahkari.bihar.gov.in पर प्रदर्शित धान अधिप्राप्ति से संबंधित विवरण ही मान्य होगा। विभाग ने अधिक से अधिक किसानों से पोर्टल पर अपना निबंधन कराने की अपील की है, ताकि वे सरकारी खरीद के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उठा सकें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।