विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में अफसर दंपती के बैंक खाते फ्रीज, सात संपत्तियों की जांच तेज; फ्लैट के इंटीरियर का भी होगा मूल्यांकन

Published: Tue, 29 Sep 2026 10:38 PM (IST)

आय से अधिक संपत्ति के मामले में पटना के एडीएम आपूर्ति रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की अवर ...और पढ़ें

एडीएम आपूर्ति रविंद्र कुमार दिवाकर

एडीएम आपूर्ति रविंद्र कुमार दिवाकर 

HighLights

  1. आय से अधिक संपत्ति मामले में अफसर दंपती के बैंक खाते फ्रीज।

  2. निगरानी जांच में सात जमीन-फ्लैट और लगभग 80 लाख नकद बरामद।

  3. 52 लाख के गहने, 48 घड़ियां मिलीं; इंटीरियर का भी मूल्यांकन।

राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई के बाद पटना के एडीएम आपूर्ति रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की अवर निबंधक कुमारी स्वीटी के बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दोनों के भारतीय स्टेट बैंक में दो खाते हैं। इनमें जमा राशि और हुए लेन-देन की जांच की जा रही है।

विभागीय कार्रवाई की तैयारी, निलंबन की भी संभावना

निगरानी ने दोनों अधिकारियों के पैतृक विभागों को छापेमारी की सूचना दे दी है। पत्र में ठिकानों से मिली चल-अचल संपत्तियों का ब्योरा भी भेजा गया है।

इसके आधार पर दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू होने की संभावना है। अधिकारियों पर निलंबन की कार्रवाई की संभावना भी बताई जा रही है।

सात जमीन-फ्लैट मिले, दो फ्लैट आपस में जोड़े गए

निगरानी की जांच में अफसर दंपती के नाम सात जमीन और फ्लैट मिलने की जानकारी सामने आई है। इनमें दानापुर के पास कश्यप ग्रीन होम्स के ब्लाक ए में ए-401 और ए-402 नंबर के दो फ्लैट शामिल हैं। दोनों फ्लैट को जोड़कर बड़े स्तर पर इंटीरियर का काम कराया जा रहा था।

इंटीरियर पर कितना खर्च, इसका भी होगा आकलन

निगरानी टीम अब इन दोनों फ्लैट में कराए जा रहे इंटीरियर कार्य का तकनीकी मूल्यांकन करा रही है। इसके लिए तकनीकी परीक्षक कोषांग की मदद ली जा रही है।

जांच का उद्देश्य इंटीरियर पर हुए खर्च का आकलन करना है। इसके बाद इस संपत्ति से जुड़े वित्तीय पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।

छापेमारी में करीब 80 लाख नकद बरामद

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार दोनों आवासों से कुल 79 लाख 98 हजार 410 रुपये नकद बरामद किए गए। इसमें पटना के फ्लैट से 70 लाख 53 हजार 710 रुपये और बेगूसराय स्थित आवास से 9 लाख 44 हजार 700 रुपये मिले। बरामद नकदी को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

52.60 लाख के गहने और छह लाख की घड़ियां

छापेमारी के दौरान कुल 52 लाख 60 हजार 829 रुपये मूल्य के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण भी मिले। पटना के फ्लैट से 23 लाख 89 हजार 999 रुपये और बेगूसराय से 28 लाख 70 हजार 830 रुपये के आभूषण बरामद होने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा अलग-अलग ब्रांड की 48 घड़ियां भी मिली हैं।

घड़ियों को बताया उपहार, कार और इलेक्ट्रानिक सामान के बिल भी मिले

बरामद 48 घड़ियों की अनुमानित कीमत छह लाख एक हजार रुपये बताई गई है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में अधिकारी ने इन्हें उपहार में मिलने की बात कही है और तबादले के समय सहयोगियों से घड़ियां मिलने का उल्लेख किया है।

छापेमारी में टाटा स्टार्म कार, तीन एसी और बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रानिक सामान की खरीद के बिल भी मिले हैं।

अब संपत्ति और कामकाज दोनों की हो सकती है समीक्षा

करीब 80 लाख रुपये नकद और अन्य संपत्तियों की बरामदगी के बाद संबंधित विभाग एडीएम और अवर निबंधक के हाल के फैसलों और कार्यों की समीक्षा भी कर सकता है।

निगरानी की जांच आगे बढ़ने के साथ बैंक खातों, संपत्तियों और खरीद से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल होगी। विभागीय कार्रवाई की तस्वीर भी जांच पूरी होने के बाद साफ होगी।

यह भी पढ़ें- पहले शिक्षक, फिर अफसर... अब बिहार में निगरानी की कार्रवाई के घेरे में दंपती; पति ADM तो पत्नी 13 साल से सब-रजिस्ट्रार

यह भी पढ़ें- अफसर दंपती के ठिकानों पर विजिलेंस का छापा, 70 लाख कैश और करीब 1 करोड़ की घड़ियां मिलने का दावा; दो फ्लैट भी मिले