NFHS के सर्वे में बिहार के लिए चिंता, 63% गर्भवती एनीमिया की शिकार, आयरन की गोली खाने में क्यों कतरा रहीं महिलाएं?
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS) के अनुसार, बिहार में 63% गर्भवती महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में केवल 10% ही आयरन की गोलियों का निर्धारित कोर्स पूरा करती हैं।

बिहार में 63% गर्भवती महिलाएं एनीमिया से पीड़ित
HighLights
बिहार में 63% गर्भवती महिलाएं एनीमिया से ग्रस्त हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में केवल 10% महिलाएं आयरन कोर्स पूरा करती हैं।
जागरूकता की कमी, दुष्प्रभावों का डर मुख्य कारण हैं।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में मातृ स्वास्थ्य को लेकर एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के नवीनतम निष्कर्षों के अनुसार राज्य की 63 प्रतिशत गर्भवती महिलाएं एनीमिया यानी खून की कमी से पीड़ित हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि ग्रामीण इलाकों में 10 में से केवल एक गर्भवती महिला ही आयरन की गोलियों का निर्धारित 180 दिनों का कोर्स पूरा कर पाती है।
यानी महिलाओं तक आयरन की गोलियां पहुंचने के बावजूद उनका नियमित सेवन नहीं हो पा रहा है। एशियाई विकास अनुसंधान संस्थान (आद्री) के रीडिंग क्लब कार्यक्रम में प्रस्तुत एक शोध में यह स्थिति सामने आई है।
गोलियां पहुंच रहीं 74% महिलाओं तक, लेकिन सेवन सिर्फ 22% कर रहीं
शोध के मुताबिक बिहार में 74 प्रतिशत गर्भवती महिलाओं तक आयरन की गोलियां पहुंच रही हैं, लेकिन इनमें से केवल 22 प्रतिशत महिलाएं ही इनका सेवन कर रही हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और गंभीर है, जहां निर्धारित 180 दिनों तक नियमित रूप से गोलियां लेने वाली महिलाओं की संख्या महज 10 प्रतिशत है। इससे स्पष्ट होता है कि समस्या केवल दवाओं की उपलब्धता तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमित सेवन और जागरूकता भी बड़ी चुनौती है।
आखिर क्यों आयरन की गोलियां लेने से बच रही हैं महिलाएं?
शोध में सामने आया कि महिलाओं के बीच कई तरह की धारणाएं आयरन की गोलियों के नियमित सेवन में बाधा बन रही हैं। बहुत कम महिलाओं को जानकारी है कि एनीमिया गंभीर और जानलेवा स्थिति बन सकता है।
कई महिलाओं को यह भी पता नहीं है कि नियमित रूप से आयरन की गोलियां लेने से खून की कमी को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा गोलियों के संभावित दुष्प्रभावों का डर और सरकारी आयरन की गोलियों पर कम भरोसा भी इनके सेवन में बाधा बन रहा है।
42 गर्भवती महिलाओं से बातचीत के बाद सामने आईं ये वजहें
इस समस्या को समझने के लिए शोधकर्ताओं ने एक पायलट स्टडी की। इसके तहत ग्रामीण बिहार की 42 गर्भवती महिलाओं, 15 सासों और 13 सामुदायिक स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत की गई।
अध्ययन का उद्देश्य यह समझना था कि आयरन की गोलियां उपलब्ध होने के बावजूद महिलाएं नियमित सेवन क्यों नहीं कर पाती हैं। बातचीत में महिलाओं की व्यक्तिगत धारणाओं, परिवार के सहयोग और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी की भूमिका पर विशेष ध्यान दिया गया।
सास और परिवार की भूमिका भी होगी अहम
शोधकर्ताओं का मानना है कि इस समस्या का समाधान केवल महिलाओं को आयरन की गोलियां उपलब्ध कराने से नहीं होगा। इसके लिए परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करना जरूरी है।
अध्ययन में सुझाव दिया गया है कि महिलाओं को आयरन की गोलियों के फायदे समझाए जाएं और नियमित सेवन के लिए परिवार के लोगों को भी शामिल किया जाए। साथ ही, गोली लेना भूलने पर उन्हें समय-समय पर याद दिलाने की व्यवस्था होनी चाहिए।
नीदरलैंड की यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने किया अध्ययन
यह शोध नीदरलैंड्स के रॉटरडैम स्थित इरास्मस विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रहीं आनंदिता बारडिया ने विश्वविद्यालय के कार्लोस रियुमालो-हेर्ल, इग्ना बानफ्रेर और पिलार गार्सिया-गोमेज़ के साथ मिलकर किया है।
आद्री के रीडिंग क्लब कार्यक्रम में इस अध्ययन को प्रस्तुत किया गया। शोधकर्ताओं का अगला उद्देश्य यह जांचना है कि महिलाओं की धारणाओं में बदलाव लाने से आयरन की गोलियों के नियमित सेवन पर कितना असर पड़ता है और इन निष्कर्षों का इस्तेमाल महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं को बेहतर बनाने में कैसे किया जा सकता है।
आद्री ने बताया बिहार के लिए महत्वपूर्ण विषय
कार्यक्रम के अंत में आद्री की सदस्य-सचिव डॉ. अश्मिता गुप्ता ने इस विषय को बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संस्थान को इस शोध प्रयास से जुड़ने की खुशी है और वह आगे भी इस दिशा में सकारात्मक योगदान देता रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।