Bihar News: पटना के पार्कों के पेड़ों में लगेंगे क्यूआर कोड, स्कैन करने के बाद मिलेगी पूरी जानकारी
Bihar News पटना के पार्कों में टहलने वाले लोग अब पेड़ों के बारे में भी पूरी जानकारी ले पाएंगे। पार्क के पेड़ो में क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं। क्यूआर कोड स्कैन करके पेड़ से जुड़ी सारी जानकारी ली जा सकेगी।
जागरण संवाददाता, पटना। पार्क में सैर करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब यहां लगे विभिन्न प्रजाति के पेड़-पौधों के बारे में भी जान सकेंगे। पटना पार्क प्रमंडल के तहत आने पार्कों में पेड़ पर क्यूआर कोड लगाना शुरू हो गया है। प्रवेश टिकट लगने वाले पार्कों में ही क्यूआर कोड लगाया जाएगा। इसकी शुरुआत इको पार्क से हो चुकी है। क्यूआर कोड लगाए जाने के बाद लोगों को पेड़ों से जुड़ी कई तरह की जानकारी मिल पाएगी। मसलन किस पेड़ में कब फल आते हैं, कब उनके पत्ते झड़ते हैं। इसके साथ ही पेड़ किस प्रजाति से ताल्लुक रखते हैं। पार्कों में टहलने वाले लोग अब अपने मोबाइल फोन से पेड़ों पर लेग क्यूआर कोड के जरिए सारी जानकारी ले पाएंगे।
एसे लगाए जाएंगे क्यूआर कोड
प्लेट के चारों कोने पर छेद कर रस्सी के सहारे पेड़ में क्यूआर कोड लगाया जा रहा है। एक प्रजाति के सामने एक क्यूआर कोड लगाया जा रहा है।
इन पार्कों में क्यूआर कोड
वीर कुंवर सिंह आजादी पार्क, नवीन सिन्हा पार्क, पुनाईचक पार्क, शिवाजी पार्क, किशोर कुणाल पार्क, हनुमान नगर पार्क, सचिवालय कालोनी पार्क, श्री कृष्णापुरी पार्क, श्री कृष्णानगर पार्क, भंवर पोखर पार्क, अमृत पार्क।
फल, फूल और पत्ती झड़ने के बारे में भी मिलेगी जानकारी
लोगों को क्यूआर कोड स्कैन करने से यह भी पता चलेगा कि किस माह में उस पेड़ में फूल और फल लगेंगे। किस माह में उसकी पत्तियां गिरनी शुरू हो जाएंगी। पेड़ की प्रजाति के बारे में भी लोग जान सकेंगे।
मोबाइल से स्कैन कर ले सकेंगे जानकारी
पेड़ों की जानकारी लेने के लिए मोबाइल के स्कैनर से क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। ऐसा करते ही सर्च इंजन के जरिए आप उस पेड़ का नाम और उसकी विशेषता के बारे में जान सकेंगे। एक प्रजाति के पेड़ के सामने एक क्यूआर कोड लगाया जाएगा। साथ ही आप पार्क प्रमंडल की वेबसाइट से भी अलग-अलग पेड़ों के बारे में विस्तार से जान सकेंगे।