Bihar News: केके पाठक के समय तय एजेंसी का कांट्रैक्ट खत्म, मिड डे मील के लिए नए सिरे से टेंडर; नौकरी पर संकट
बिहार में मिड डे मील योजना के जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) और लेखा कर्मियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है क्योंकि उनकी एजेंसी का तीन साल का अनुबंध समाप्त हो गया है। शिक्षा विभाग नई एजेंसी के चयन की तैयारी कर रहा है, लेकिन पुराने कर्मियों को नौकरी पर बनाए रखने के तरीकों पर भी विचार कर रहा है।

सौ से अधिक कर्मियों की नौकरी पर टिकी निगाहें
HighLights
मिड डे मील कर्मियों का एजेंसी अनुबंध समाप्त।
सौ से अधिक कर्मियों की नौकरी खतरे में।
विभाग पुराने कर्मियों को रखने का रास्ता तलाश रहा।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में मिड डे मील योजना के जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) और लेखा का काम संभालने वाले कर्मियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। दरअसल, जब केके पाठक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव थे, उस समय एजेंसी के माध्यम से इन पदों पर कर्मियों की सेवा ली गई थी।
अब संबंधित एजेंसी के साथ तीन साल का कांट्रैक्ट खत्म हो चुका है। ऐसे में शिक्षा विभाग नए सिरे से निविदा के माध्यम से एजेंसी का चयन करने की तैयारी कर रहा है।
इस फैसले से योजना के तहत काम कर रहे सौ से अधिक कर्मियों की नौकरी पर संकट मंडराने लगा है। हालांकि, विभाग की ओर से पुराने कर्मियों को रोजगार से जोड़े रखने का रास्ता भी तलाशा जा रहा है।
नए साल की शुरुआत में चुनी जा सकती है नई एजेंसी
शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, डीपीएम और लेखा का काम संभालने के लिए नई एजेंसी का चयन अगले वर्ष की शुरुआत में किए जाने की उम्मीद है। मिड डे मील योजना के प्रबंधन और लेखा कार्य के लिए स्थायी नियुक्ति का कोई प्रविधान नहीं है। इसी वजह से विभाग एजेंसी के माध्यम से कर्मियों की सेवा ले रहा है।
तीन साल से संभाल रहे थे योजना का काम
एजेंसी के माध्यम से नियुक्त कर्मी जिलों में मिड डे मील योजना के प्रबंधन, निगरानी और लेखा संबंधी जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। लंबे समय से काम करने के कारण ये कर्मी अपने कार्य में प्रशिक्षित हो चुके हैं। जिलों से शिक्षा विभाग को मिली रिपोर्ट में भी इस बात का उल्लेख किया गया है कि मौजूदा कर्मियों को योजना से जुड़े कामकाज का अच्छा अनुभव है।
नई एजेंसी आने पर कामकाज प्रभावित होने की आशंका
विभाग को आशंका है कि नई एजेंसी के माध्यम से यदि नए कर्मियों को जिम्मेदारी दी जाती है तो उन्हें योजना का पूरा काम समझने में समय लगेगा। इससे मिड डे मील के प्रबंधन और लेखा संबंधी कार्य प्रभावित हो सकते हैं। वहीं, पुराने कर्मियों को हटाने से उनके सामने बेरोजगारी की समस्या भी खड़ी हो जाएगी।
पुरानों को ही काम पर रखने का रास्ता तलाश रहा विभाग
इन परिस्थितियों को देखते हुए शिक्षा विभाग ऐसा रास्ता निकालने की तैयारी में है, जिससे मौजूदा कर्मियों का अनुभव भी काम आए और उनका रोजगार भी बचा रहे। इसके लिए नई एजेंसी से अनुरोध किया जा सकता है कि वह पहले से काम कर रहे कर्मियों को ही अपनी सेवा में शामिल करे।
सौ से अधिक कर्मियों की नौकरी पर टिकी निगाहें
नई निविदा की प्रक्रिया के बीच सौ से अधिक कर्मियों की निगाहें शिक्षा विभाग के अगले फैसले पर टिकी हैं। यदि नई एजेंसी पुराने कर्मियों को काम पर रखने का अनुरोध स्वीकार करती है तो उन्हें राहत मिल सकती है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय नई एजेंसी के चयन और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।