बिहार में बटाईदार किसानों को खाद मिलना होगा आसान, उर्वरक वितरण प्रणाली में बड़ा बदलाव
सरकार ने उर्वरक वितरण प्रणाली में बदलाव किया है, जिससे अब बटाईदार किसानों को भी आसानी से खाद मिल सकेगी।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
बटाईदार किसानों को अब आसानी से मिलेगी खाद।
भूमि सत्यापन और बुकिंग प्रक्रिया को किया गया सरल।
एफएफएस योजना 2 अक्टूबर से सभी जिलों में प्रभावी।
राज्य ब्यूरो, पटना। सरकार द्वारा उर्वरक वितरण प्रणाली में आवश्यक बदलाव किए गए हैं। इससे अब बटाईदार किसानों को भी अब सहजता से खाद मिल सकेगी। इस उद्देश्य से भूमि सत्यापन और बुकिंग की प्रक्रिया सरल की गई है।
साथ ही, टियर-2 (वंशावली आधारित) और टियर-3 (बटाईदार) श्रेणी के आवेदनों पर सीधे क्यूआर कोड जनरेट करने की व्यवस्था हुई है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उर्वरकों की बिक्री एवं वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने तथा कालाबाजारी और अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से दो अक्टूबर से सभी 38 जिलों में फ्रेमवर्क फार फर्टिलाइजर सेल्स (एफएफएस) प्रभावी हो गया है। इसमें एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत जारी फार्मर रजिस्ट्री का भी उपयोग किया जा रहा है।
लॉग-इन की व्यवस्था : जिला एवं प्रखंड स्तर पर लाग-इन आइडी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे किसान भूमि का विवरण दर्ज कर उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे।
शिकायत और समाधान : उर्वरकों की उपलब्धता या वितरण से जुड़ी शिकायत-समाधन के लिए वाट्स-एप नंबर 7766085888 अथवा किसान हेल्पलाइन नंबर 1800-180-1551 पर संपर्क करें।