विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में NDA सरकार के एक साल: पर्यटन को 5 हजार करोड़ की सौगात, विष्णुपद और हरिहरनाथ कॉरिडोर बनेंगे

Published: Thu, 19 Nov 2026 06:42 PM (IST)

बिहार सरकार धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 5000 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। एनडीए ...और पढ़ें

2520 करोड़ से बनेगा गयाजी का विष्णुपद कॉरिडोर

2520 करोड़ से बनेगा गयाजी का विष्णुपद कॉरिडोर

HighLights

  1. पर्यटन विकास के लिए 5000 करोड़ रुपये का निवेश।

  2. गयाजी विष्णुपद कॉरिडोर 2520 करोड़ से बनेगा।

  3. हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र को 680 करोड़ से संवारा जाएगा।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई पहचान देने की तैयारी है। एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर राज्य के पर्यटन क्षेत्रों के विकास के लिए पांच हजार करोड़ रुपये खर्च करने की योजना को गति दी जा रही है।

इसके तहत प्रमुख धार्मिक स्थलों को आधुनिक पर्यटक सुविधाओं से जोड़ने के साथ रोजगार और निवेश के नए अवसर पैदा किए जाएंगे। पर्यटन अवसंरचना के लिए पांच हजार करोड़ रुपये के ऋण पर राज्य सरकार की ओर से गारंटी दी गई है। इससे धार्मिक कॉरिडोर, रोपवे, हेली टूरिज्म और होमस्टे जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

2520 करोड़ से बनेगा गयाजी का विष्णुपद कॉरिडोर

गयाजी के प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर क्षेत्र को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। इसके लिए 2520 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कॉरिडोर बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और मंदिर क्षेत्र का व्यवस्थित विकास होगा।

इसके साथ ही गयाजी में विश्वस्तरीय संग्रहालय विकसित करने की भी घोषणा की गई है। इससे धार्मिक पर्यटन के साथ शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को भी नई पहचान मिलेगी।

680 करोड़ से संवरेगा बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र

सारण जिले के सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र के विकास के लिए 680 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यहां भी धार्मिक कॉरिडोर विकसित करने की योजना है। इससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

सोनपुर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह बड़ी पहल मानी जा रही है। इससे स्थानीय कारोबार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

बोधगया और वैशाली में भी बढ़ेंगी पर्यटक सुविधाएं

अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बोधगया और महाबोधि मंदिर क्षेत्र के कॉरिडोर विकास को गति देने का निर्देश दिया गया है। स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत बोधगया में बौद्ध ध्यान एवं अनुभव केंद्र विकसित किया जा रहा है।

वहीं, वैशाली में पर्यटकों के लिए आधुनिक आवासीय सुविधाओं के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इन योजनाओं से विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने और बिहार को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत स्थान दिलाने का प्रयास है।

पटना में होटल ताज सिटी सेंटर, गंगा घाटों का भी विकास

राजधानी पटना में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए होटल ताज सिटी सेंटर के निर्माण प्रस्ताव को स्वीकृति मिली है। इसके अलावा शहर के तीन गंगा घाटों के विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया है।

सारण के मांझी में रामघाट का लोकार्पण और अटल वाटिका का शुभारंभ भी किया गया। इन पहलों से पर्यटन स्थलों पर सुविधाएं बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों के लिए आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होगा।

हेली टूरिज्म और एयर टूरिज्म से पर्यटन को नई उड़ान

पर्यटन को आधुनिक स्वरूप देने के लिए मुख्यमंत्री हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा-2026 शुरू की गई है। जुलाई में पटना में हेलीकाप्टर आधारित पर्यटन सेवा के तहत जॉय राइड की शुरुआत हुई।

इसका उद्देश्य पर्यटकों को बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों को अलग अंदाज में देखने का अवसर देना है। हवाई पर्यटन के विस्तार से राज्य में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

होमस्टे और रोपवे से गांवों तक पहुंचेगा पर्यटन का लाभ

पर्यटन स्थलों के आसपास रोजगार बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री होमस्टे प्रोत्साहन योजना-2026 लागू की गई है। इसके तहत स्थानीय लोगों को अपने आवास को पर्यटकों के ठहरने योग्य बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर रोपवे परियोजनाओं के विकास के लिए बिहार स्टेट रोपवेज कंपनी का गठन किया गया है। अजगैबीनाथ-अगुवानी घाट रोपवे की योजना के साथ सुल्तानगंज में गंगा पार्क और डॉल्फिन पर्यटन विकसित करने की पहल भी की गई है।

तीर्थयात्रियों को सहायता, पर्यटन से अर्थव्यवस्था को मजबूती

राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सिंधु दर्शन तीर्थयात्रा सहायता अनुदान योजना-2026 को भी स्वीकृति दी गई है। सरकार की कोशिश है कि बिहार के धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं से जोड़ा जाए।

पांच हजार करोड़ रुपये की पर्यटन योजनाओं से होटल, परिवहन, स्थानीय कारोबार, हस्तशिल्प और छोटे उद्यमों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से बिहार में पर्यटन रोजगार और आर्थिक विकास का बड़ा माध्यम बन सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।