विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar MLC Election: दूसरे दिन 3 नामांकन, BJP के एनके यादव समेत जसुपा के 2 प्रत्याशी मैदान में; अब तक 6 ने भरा पर्चा

Published: Wed, 30 Sep 2026 09:13 PM (GMT+05:30)

बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक कोटे की आठ सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है, जिसमें अब तक ...और पढ़ें

एनके यादव ने कोसी स्नातक सीट से भरा पर्चा

एनके यादव ने कोसी स्नातक सीट से भरा पर्चा

HighLights

  1. बिहार MLC चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है।

  2. अब तक कुल छह प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया।

  3. भाजपा और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार शामिल हुए।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक कोटे की आठ सीटों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। पहले दिन तीन और दूसरे दिन बुधवार को तीन प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। इसके साथ ही अब तक कुल छह अभ्यर्थी मैदान में उतर चुके हैं। इनमें चार दलीय और दो निर्दलीय प्रत्याशी हैं।

भाजपा के एनके यादव ने कोसी स्नातक सीट से भरा पर्चा

बुधवार को भाजपा के डा. एनके यादव ने कोसी (स्नातक) सीट से नामांकन किया। वहीं जन सुराज पार्टी की ओर से तिरहुत (शिक्षक) सीट पर श्यामनंदन कुमार यादव और तिरहुत (स्नातक) सीट पर विमोहन कुमार ने पर्चा दाखिल किया। इससे इन सीटों पर चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होने लगी है।

आठ सीटों पर छह अक्टूबर तक नामांकन

विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक कोटे की चार-चार सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर है। 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना कराई जाएगी।

रिक्त होने वाली आठ सीटों में दो भाजपा, एक-एक जदयू, कांग्रेस और भाकपा की हैं, जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय सदस्य हैं।

कई सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

नामांकन के साथ ही कई सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय नजर आने लगा है। एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज पार्टी की मौजूदगी से चुनावी समीकरण बन रहे हैं।

कुछ सीटों पर मजबूत निर्दलीय प्रत्याशी मुकाबले को चौतरफा भी बना सकते हैं। तिरहुत (स्नातक) सीट पर मौजूदा विधान पार्षद वंशीधर ब्रजवासी के फिर निर्दलीय मैदान में उतरने की चर्चा है।

सभी आठ सीटों पर जसुपा ने उतारे प्रत्याशी

जन सुराज पार्टी इस चुनाव में सभी आठ सीटों पर प्रत्याशी उतार रही है। राजद महागठबंधन में छह सीटों पर चुनाव लड़ रहा है, जबकि कांग्रेस और भाकपा को एक-एक सीट मिली है।

एनडीए में भाजपा और जदयू चार-चार सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों दलों के हिस्से में शिक्षक और स्नातक कोटे की दो-दो सीटें आई हैं।

नामांकन बढ़ने के साथ और दिलचस्प होगा मुकाबला

छह अक्टूबर तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी सीटों पर प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर सामने आएगी। इसके बाद चुनावी मैदान में दलों के बीच मुकाबले और स्थानीय समीकरणों को लेकर तस्वीर और साफ होगी।

यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election: पहले दिन RJD का खाता खुला, संजीव कुमार ने पटना शिक्षक सीट से भरा पर्चा; सारण से लालू यादव मैदान में