Bihar MLC Election: पहले दिन RJD का खाता खुला, संजीव कुमार ने पटना शिक्षक सीट से भरा पर्चा; सारण से लालू यादव मैदान में
बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन शुरू, राजद के संजीव कुमार ने पटना शिक्षक सीट से पर्चा भरा। सारण ...और पढ़ें

विधानसभा चुनाव हार चुके संजीव के सामने बड़ी चुनौती
HighLights
बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई।
राजद के संजीव कुमार ने पटना शिक्षक सीट से पर्चा भरा।
सारण से लालू प्रसाद यादव नाम के निर्दलीय ने नामांकन किया।
राज्य ब्यूरो, पटना। शिक्षक और स्नातक कोटे की आठ विधान परिषद सीटों के लिए मंगलवार से नामांकन शुरू हुआ। पहले ही दिन राजद के डा. संजीव कुमार ने पटना (शिक्षक) सीट से नामांकन दाखिल कर दलीय प्रत्याशियों में अपना खाता खोल दिया। राजद ने चुनाव से पहले ही संजीव कुमार को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था।
विधानसभा चुनाव हार चुके संजीव के सामने बड़ी चुनौती
संजीव कुमार विधानसभा चुनाव के दौरान जदयू छोड़कर राजद में आए थे। परबत्ता विधानसभा सीट से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ चुके संजीव को वहां हार का सामना करना पड़ा था।
अब विधान परिषद चुनाव में उन्हें अपनी राजनीतिक पकड़ साबित करने की चुनौती है। पटना शिक्षक सीट पर उनका मुकाबला भाजपा के डा. नवल किशोर यादव से होगा।
पांच बार के विजेता नवल किशोर से मुकाबला
भाजपा प्रत्याशी डा. नवल किशोर यादव पटना शिक्षक क्षेत्र से पांच बार चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में इस सीट पर मुकाबला खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजद ने संजीव कुमार को मैदान में उतारकर शिक्षक मतदाताओं के बीच अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश की है।
सारण से ‘लालू प्रसाद यादव’ ने किया नामांकन
पहले दिन दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी पर्चा दाखिल किया। इनमें सारण (शिक्षक) सीट से नामांकन करने वाले लालू प्रसाद यादव का नाम सबसे अधिक चर्चा में है।
उनका नाम राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से हू-ब-हू मिलता है, जिससे नामांकन के बाद राजनीतिक चर्चा तेज हो गई।
हू-ब-हू नाम वाले प्रत्याशी ने बढ़ाई दिलचस्पी
सारण से चुनाव लड़ रहे निर्दलीय लालू प्रसाद यादव के नाम ने सबका ध्यान खींचा है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पहले सारण लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसी कारण सारण शिक्षक क्षेत्र में इस नामांकन को लेकर राजनीतिक हलकों में खास दिलचस्पी देखी जा रही है।
कोसी स्नातक सीट से भी निर्दलीय ने भरा पर्चा
पहले दिन तीसरे प्रत्याशी के रूप में संजीव कुमार ने कोसी (स्नातक) सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया।
यानी नामांकन के पहले ही दिन एक दलीय और दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल कर दिया। अब आने वाले दिनों में मुकाबले की तस्वीर और साफ होगी।
