बिहार विधान परिषद चुनाव में कांटे की टक्कर: तिरहुत में BJP की जीत, दरभंगा में जन सुराज का दबदबा
बिहार विधान परिषद चुनाव के पहले परिणाम में भाजपा ने तिरहुत शिक्षक सीट जीती है। जन सुराज पार्टी दरभंगा शिक्षक ...और पढ़ें

बिहार विधान परिषद चुनाव में कांटे की टक्कर
HighLights
भाजपा ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जीत दर्ज की।
दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज पार्टी आगे।
पटना और सारण शिक्षक सीटों पर मुकाबला कड़ा।
राज्य ब्यूरो, पटना। विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक क्षेत्रों की चार-चार सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना में एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज पार्टी के बीच कड़ी टक्कर है।
एनडीए के लिए राहत की खबर तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आई है, जहां भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह चुनाव जीत गए हैं। भाजपा ने यह सीट भाकपा से छीनी है।
हालांकि, वोटों की गिनती में भाकपा के निवर्तमान विधान पार्षद संजय कुमार सिंह तीसरे नम्बर पर रहे। दूसरा स्थान निर्दलीय भूषण कुमार झा को मिला। वे पहले जदयू में थे। नरेंद्र सिंह छह सौ वोटों के अंतर से जीते। इन आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के सुरेश प्रसाद राय और कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा के बीच सीधी टक्कर है। वोटों का रुझान बता रहा है कि इस सीट पर जन सुराज की जीत हो सकती है। 2020 के चुनाव में डॉ. झा की यहां जीत हुई थी।
जदयू के उम्मीदवार डॉ. घनश्याम राय यहां चौथे नम्बर पर चले गए हैं। तीसरे नम्बर पर माकपा के रामदेव राय हैं। कोसी स्नातक क्षेत्र में भाजपा के प्रो. एनके यादव आगे चल रहे हैं।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
दिलचस्प मुकाबला सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में है। यहां निर्दलीय राहुल राज सबसे आगे चल रहे हैं। दूसरे नम्बर पर जदयू उम्मीदवार आनंद पुष्कर हैं। निवर्तमान विधान पार्षद आफाक अहमद तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।
2020 के चुनाव में इस सीट पर भाकपा के केदारनाथ पांडेय की जीत हुई थी। 2022 में उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव में जन सुराज समर्थित निर्दलीय आफाक अहमद जीते थे।
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के निवर्तमान विधान पार्षद नवल किशोर यादव और राजद उम्मीदवार डॉ. संजीव के बीच सीधा मुकाबला है। यहां भाजपा को प्रारंभिक बढ़त मिली हुई है।
पटना स्नातक क्षेत्र
दूसरी तरफ पटना स्नातक क्षेत्र के वोटों की गिनती शाम करीब छह बजे शुरू हुई। बुधवार को ही परिणाम आने की संभावना है।
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में वोटों की गिनती चल रही है। अभी शुरुआती रुझान नहीं मिले हैं। बुधवार देर शाम ही इसका अंतिम परिणाम मिल सकेगा।
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन के प्रथम चरण की गणना लहेरियासराय स्थित खेल भवन में पूरी हो चुकी है। कुल 7,753 मतपत्रों की गिनती की गई, जिनमें से 7,495 मत वैध तथा 258 मत अवैध घोषित किए गए। वैध मतों के आधार पर जीत के लिए कोटा 3,749 मत निर्धारित किया गया है।
इसमें प्रथम स्थान पर चल रहे जन सुराज समर्थित उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय को 2,574 मत प्राप्त हुए हैं, जबकि कांग्रेस समर्थित डॉ. मदन मोहन झा 2,187 मतों के साथ दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। माकपा समर्थित रामदेव राय 1,498 मतों के साथ तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।
2020 चुनाव का परिणाम
- दरभंगा स्नातक- सर्वेश कुमार निर्दलीय
- शिक्षक-मदन मोहन झा-कांग्रेस
- सारण शिक्षक-केदारनाथ पांडेय भाकपा
- उनके निधन के बाद 2022 में हुए उपचुनाव में जन सुराज समर्थित-आफाक अहमद
- तिरहुत-शिक्षक-संजय कुमार सिंह-भाकपा
- स्नातक-देवेश चंद्र ठाकुर जदयू। 2024 में उपचुनाव हुआ, जिसमें निर्दलीय वंशीधर व्रजवासी जीते थे।
- पटना: स्नातक-नीरज कुमार-जदयू
- शिक्षक-नवल किशोर यादव भाजपा
- कोसी स्नातक-एनके यादव भाजपा
यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election Result LIVE: पटना शिक्षक सीट पर कांटे की टक्कर, अनंत सिंह ने कहा- जो बोला था, वही होगा
