विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar MLC Election: अनंत सिंह क्यों नहीं बंटवाएंगे रसगुल्ला? JDU विधायक ने बताई वजह, नीतीश पर भी बोले

Published: Fri, 23 Oct 2026 09:39 AM (IST)

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतदान जारी है, जिसमें 5.32 लाख से अधिक मतदाता प्रत्याशियों की किस्मत ...और पढ़ें

पटना में पत्रकारों से बात करते अनंत स‍िंह। वीड‍ियो ग्रैब

पटना में पत्रकारों से बात करते अनंत स‍िंह। वीड‍ियो ग्रैब

HighLights

  1. विधान परिषद की आठ सीटों पर मतदान जारी।

  2. अनंत सिंह ने रसगुल्ला न बंटवाने का कारण बताया।

  3. नीतीश कुमार को अपना गुरु बताया, जीत का भरोसा।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है।

चुनाव में चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला 5,32,847 मतदाता करेंगे। मतदान के लिए राज्यभर में 933 केंद्र बनाए गए हैं।

इनमें स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 598 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 335 मतदान केंद्र हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

गाड़ी का भाड़ा ही ज्‍यादा लग जाएगा 

इस बीच, चुनाव को लेकर मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह का बयान सामने आया है। चुनाव के दौरान रसगुल्ला बंटवाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि यह रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है।

उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि पहले क्षेत्र से लोग आते थे, लेकिन इस चुनाव में क्षेत्र बहुत दूर तक फैला है। तीन जिलों में रसगुल्ला भेजने में ही गाड़ी का अधिक खर्च हो जाएगा।

नीतीश कुमार को बताया अपना गुरु

पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में पूछे जाने पर अनंत सिंह ने उन्हें अपना गुरु बताया। उन्होंने कहा, "हमारे गुरु हैं। बिहार उनका बसाया हुआ है। उनको तो जहां ले जाता है, जाते हैं। कहां ले गया, नहीं ले गया, मालूम भी नहीं है।"

जीत का फैसला जनता करेगी

चुनाव में अपनी जीत को लेकर अनंत सिंह ने भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि यह दुकान में मिलने वाली चीज नहीं है, बल्कि जनता के जिम्मे है। जनता ही मालिक है और उनकी जीत होगी। इसमें कहीं कोई दिक्कत नहीं है।

चुनाव में गड़बड़ी की आशंका से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि कोई बेईमानी करेगा तो जनता आगे इसका जवाब देगी। उनके अनुसार, इसी वजह से कोई ऐसी गलती नहीं करेगा।

पांच लाख से अधिक मतदाता करेंगे फैसला

विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हो रहे चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 3,86,199 पुरुष और 1,46,611 महिला मतदाता और 37 मंगलामुखी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान शुरू, 10,748 शिक्षक मतदाता करेंगे 18 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला