Bihar MLC Election: दरभंगा स्नातक सीट BJP के खाते में, JDU ने खोले 4 पत्ते
जदयू ने बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों में से चार पर अपने उम्मीदवारों ...और पढ़ें

नीरज कुमार
HighLights
जदयू ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए चार उम्मीदवार घोषित किए।
पटना स्नातक से नीरज कुमार, तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा प्रत्याशी।
दरभंगा स्नातक सीट भाजपा के हिस्से में, जदयू ने दावा छोड़ा।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के चुनाव के लिए जदयू ने अपने चार उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से वर्तमान सदस्य नीरज कुमार को फिर उम्मीदवार बनाया है। नीरज कुमार इस सीट से लगातार चौथी बार जदयू के प्रत्याशी होंगे।
तिरहुत स्नातक से अभिषेक झा पर भरोसा
जदयू ने तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा को उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले भी वे इस क्षेत्र से जदयू के प्रत्याशी रह चुके हैं। पार्टी ने एक बार फिर उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है।
सारण शिक्षक सीट से आनंद पुष्कर को टिकट
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू ने आनंद पुष्कर को उम्मीदवार बनाया है। पुष्कर इससे पहले सारण क्षेत्र के उपचुनाव में भाकपा के प्रत्याशी रहे थे। इस बार उन्होंने जदयू के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है।
दरभंगा शिक्षक सीट से प्रो. घनश्याम राय
जदयू ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रो. घनश्याम राय को उम्मीदवार बनाया है। वे ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में शिक्षक हैं और वर्तमान में मुंगेर विश्वविद्यालय के कुलसचिव हैं। उनके नाम की घोषणा के साथ दरभंगा शिक्षक सीट पर जदयू की दावेदारी स्पष्ट हो गई है।
दरभंगा स्नातक सीट से जदयू ने हटाया दावा
चार उम्मीदवारों की घोषणा के साथ दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर एनडीए के सीट बंटवारे की तस्वीर भी सामने आई है। जदयू ने दरभंगा शिक्षक सीट से उम्मीदवार उतारने के बदले दरभंगा स्नातक सीट पर अपना दावा छोड़ दिया है। यह सीट भाजपा के हिस्से में गई है।
आठ सीटों पर नवंबर में होना है चुनाव
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। निर्वाचन आयोग ने इन सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है।
जदयू की चार सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अब बाकी सीटों पर सहयोगी दलों के उम्मीदवारों की तस्वीर पर नजर रहेगी।
यह भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव: जदयू ने चार सीटों पर उतारे उम्मीदवार, नीरज कुमार समेत इन नेताओं को मिला टिकट
