विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MLC चुनाव में दोस्ताना संघर्ष की अग्निपरीक्षा, दरभंगा में कांग्रेस-RJD आमने-सामने; पटना में नीरज की 'अनंत' चुनौती

Published: Sat, 17 Oct 2026 07:00 AM (IST)

बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक और दरभंगा शिक्षक सीटों पर कड़े मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। दरभंगा ...और पढ़ें

बिहार विधान परिषद चुनाव में 933 मतदान केंद्र तैयार।

बिहार विधान परिषद चुनाव में 933 मतदान केंद्र तैयार।

HighLights

  1. पटना स्नातक सीट पर सबसे कम 134 मतदान केंद्र।

  2. दरभंगा शिक्षक सीट पर कांग्रेस-राजद का दोस्ताना संघर्ष।

  3. पटना स्नातक में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार से NDA को चुनौती।

राज्य ब्यूरो, पटना। विधान परिषद चुनाव में अभी सबसे चर्चित सीट पटना (स्नातक) है, जहां 134 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। स्नातक कोटे की चार सीटों में से सबसे कम मतदान केंद्र यही पर हैं।

कारण इस क्षेत्र में जनसंख्या का घनत्व अधिक होना है। ऐसे में भौगोलिक क्षेत्र अपेक्षाकृत कम है, लिहाजा मतदान केंद्र भी कम हैं। शिक्षक कोटे की की भी चार सीटों पर चुनाव हो रहा और सबसे कम 58 मतदान केंद्र तिरहुत में हैं।

स्नातक श्रेणी की सीटों में सर्वाधिक मतदान केंद्र कोसी और शिक्षक कोटे में दरभंगा सीट के लिए हैं। कांग्रेस और राजद के दोस्ताना संघर्ष से दरभंगा भी विशेष चर्चा में है।

स्नातक कोटे की सीटों के लिए 598  मतदान केंद्र तय

उल्लेखनीय है कि स्नातक कोटे की सीटों के लिए कुल 598 और शिक्षक कोटे की सीटों के लिए 335 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

अभी कुल आठ सीटों पर चुनाव हो रहा, जिसके लिए 23 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। मतदाताओं को पहचान के तौर पर निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कोई एक दस्तावेज साथ रखना है।

27 अक्टूबर को मतों की गिनती होनी है और रात के गहराने से पहले परिणाम की घोषणा भी हो जाएगी। इस बार कई सीटों पर चतुष्कोणीय संघर्ष की स्थिति बनी है और कोई भी सीट त्रिकोणीय मुकाबले से अलग नहीं।

सीटवार मतदान केंद्र

स्नातक सीटें

  • दरभंगा : 138
  • कोसी : 181
  • पटना : 134
  • तिरहुत : 145

शिक्षक सीटें

  • पटना : 80
  • सारण : 98
  • तिरहुत : 58
  • दरभंगा : 99

पटना स्‍नातक सीट पर एनडीए की प्रत‍िष्‍ठा दांव पर

पटना (स्नातक) की सीट पर जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार और विधायक अनंत सिंह के मनमुटाव से एनडीए की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

कांग्रेस के एकमात्र विधान पार्षद डाॅ. मदन मोहन झा दरभंगा (शिक्षक) सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस बार अपना प्रत्याशी उतारकर राजद ने भी उनकी राह में टांग अड़ा दी है। यह चुनाव दोनों दलों के संबंधों का पुनर्निर्धारण कर दे, तो कोई अचरज नहीं।

यह भी पढ़ें- सारण MLC चुनाव: खत्म हुई बगावत, रालोमो के बागी रामपुकार सिन्हा ने NDA प्रत्याशी को दिया समर्थन