विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विधान परिषद चुनाव की काउंटिंग पर RJD की नजर, धांधली रोकने के लिए CEO को सौंपी 10 मांगों की सूची

Published: Mon, 26 Oct 2026 03:23 PM (IST)

राजद ने बिहार विधान परिषद चुनाव की मतगणना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को 10 सूत्री ...और पढ़ें

वायलेट पेन पर रोक लगाने की मांग

वायलेट पेन पर रोक लगाने की मांग

HighLights

  1. RJD ने बिहार विधान परिषद मतगणना में पारदर्शिता मांगी।

  2. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को 10 सूत्री ज्ञापन सौंपा गया।

  3. मतपत्रों की सुरक्षा, वायलेट पेन पर रोक की मांग।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार विधान परिषद के चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। भाई वीरेंद्र के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद गुंजियाल को ज्ञापन सौंपा।

इसमें मतगणना के दौरान संभावित अनियमितताओं को रोकने के लिए 10 बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई।

चंडीगढ़ मेयर चुनाव का दिया हवाला

राजद ने अपने ज्ञापन में 2024 के चंडीगढ़ मेयर चुनाव का उल्लेख किया। पार्टी ने कहा कि मतपत्रों की मूल स्थिति सुरक्षित रखना और वैध-अवैध मतों का निष्पक्ष निर्धारण करना जरूरी है। ज्ञापन की प्रतियां भारत निर्वाचन आयोग और संबंधित प्रमंडलों के आयुक्तों को भी भेजी गई हैं।

वायलेट पेन पर रोक लगाने की मांग

राजद ने मांग की है कि मतगणना केंद्र के भीतर वायलेट पेन या उससे मिलते-जुलते पेन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया जाए। मतपत्रों पर अतिरिक्त टिक, क्रॉस या रेखा लगाने की अनुमति नहीं होनी चाहिए।

पार्टी ने सभी मतगणना टेबल पर मतपत्रों को वैध या अवैध घोषित करने के लिए समान नियम लागू करने की मांग भी की।

संदिग्ध मतपत्रों पर पहले फैसला

ज्ञापन में कहा गया है कि प्रथम वरीयता के मतों की गिनती शुरू होने से पहले ही संदिग्ध मतपत्रों की वैधता तय कर ली जाए। अधिकृत एजेंटों को आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिले और पूरी प्रक्रिया की सीसीटीवी व वीडियोग्राफी से निगरानी की जाए।

नतीजे से पहले हो पूरा मिलान

राजद ने वैध और अवैध मतपत्रों की संख्या का मिलान करने तथा परिणाम पत्रक का सत्यापन करने के बाद ही नतीजे घोषित करने की मांग की है।

पार्टी ने मतगणना अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था करने की भी अपील की।

कई वरिष्ठ नेता प्रतिनिधिमंडल में शामिल

प्रतिनिधिमंडल में विधायक भाई वीरेंद्र, पूर्व विधायक राजेन्द्र कुमार राम, रणविजय साहू, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार सिंह, डॉ. अनवर आलम और मुकुन्द सिंह शामिल रहे।

राजद का कहना है कि निर्वाचन नियमों का सख्ती से पालन होने पर ही मतगणना की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- मंगलवार को किसका होगा मंगल? 9570 वोटों से खुलेगा 18 प्रत्याशियों की किस्मत का ताला, सारण शिक्षक सीट पर सबकी नजरें