Bihar MLC Election: अनंत सिंह का नीरज के खिलाफ मोर्चा, बोले- किसी के बड़ाहिल नहीं; व्यक्तिगत रूप से नीतीश के साथ
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव में जदयू प्रत्याशी नीरज के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत रूप से वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सम्मान करते हैं, लेकिन नीरज का विरोध जारी रहेगा।

नीतीश को इसलिए पसंद करते हैं अनंत सिंह
HighLights
अनंत सिंह पटना स्नातक चुनाव में जदयू प्रत्याशी नीरज का विरोध करेंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति व्यक्तिगत सम्मान व्यक्त किया है।
अनंत सिंह ने इसे अपनी निजी लड़ाई बताया, पार्टी की नहीं।
राज्य ब्यूरो, पटना। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर जदयू के मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपना रुख साफ कर दिया है। वह जदयू प्रत्याशी नीरज के खिलाफ चुनाव में पूरी ताकत लगाने की बात पर कायम हैं।
रविवार को एक समाचार चैनल से बातचीत में अनंत सिंह ने कहा कि वह किसी के बड़ाहिल नहीं हैं। व्यक्तिगत रूप से वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ हैं और उन्हें पसंद करते हैं।
नीतीश को इसलिए पसंद करते हैं अनंत सिंह
अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में भी वह लंबे समय तक जेल में रहे, लेकिन इसके बावजूद उनके प्रति उनके मन में सम्मान है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को बनाया है। यही वजह है कि वह व्यक्तिगत रूप से नीतीश कुमार को पसंद करते हैं।
नालंदा-नवादा में स्वागत का किया जिक्र
अनंत सिंह ने अपनी नालंदा और नवादा यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनसुराज प्रत्याशी अनुज के लिए समर्थन मांगने के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिस तरह उनका स्वागत किया, उसे वह कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने संकेत दिया कि वह इस चुनाव में अनुज के समर्थन में सक्रिय रहेंगे।
बोले- यह जदयू की लड़ाई नहीं
अनंत सिंह ने कहा कि यह उनकी लड़ाई जदयू की लड़ाई नहीं है। पार्टी के लोग अगर इस मामले में पड़ते हैं तो गलत करते हैं।
उन्होंने कहा कि नीरज ने विधानसभा चुनाव में उनका चार बार विरोध किया था। सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय पार्टी के लोग कहां थे?
पूछा- पार्टी के लिए नीरज ने क्या किया?
मोकामा विधायक ने कहा कि इस बात पर भी चर्चा होनी चाहिए कि पार्टी के लिए किसने ज्यादा योगदान दिया है। उन्होंने सवाल किया कि नीरज ने पार्टी के लिए क्या किया है। पिछली बार सरकार किसने बनाई थी, यह भी देखा जाना चाहिए।
‘जदयू से हमने कुछ कमाया नहीं’
अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने जदयू से कुछ कमाया नहीं है। उनके मुताबिक, पार्टी के लिए उनके योगदान को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने अपने रुख में बदलाव का कोई संकेत नहीं दिया और नीरज के खिलाफ चुनाव में पूरी ताकत लगाने की बात दोहराई।
ललन सिंह से एक महीने से नहीं हुई बात
अनंत सिंह ने कहा कि इस पूरे मामले को लेकर उनसे किसी ने कोई बातचीत नहीं की है। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से भी उनकी एक महीने से अधिक समय से बात नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से भी इस मुद्दे पर उनकी कोई चर्चा नहीं हुई है।
व्यक्तिगत संबंध और राजनीतिक विरोध अलग
अनंत सिंह के बयान से साफ है कि वह नीतीश कुमार के प्रति व्यक्तिगत सम्मान और पटना स्नातक सीट पर जदयू प्रत्याशी नीरज के खिलाफ अपने राजनीतिक रुख को अलग-अलग रख रहे हैं।
एक तरफ वह नीतीश कुमार को बिहार के विकास के लिए श्रेय देते हुए उनके साथ व्यक्तिगत संबंध की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नीरज के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखने की घोषणा कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।