Bihar MLC Election 2026: पटना में अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थकों में झड़प, 3 को हिरासत में लिया गया
पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव के दौरान मोकामा में विधायक अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिससे तनाव बढ़ गया।

पुलिस से बहस करते समर्थक। फोटो जागरण
HighLights
मोकामा में अनंत सिंह-नीरज कुमार समर्थकों के बीच झड़प हुई।
प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप कर तनावपूर्ण स्थिति को संभाला।
झड़प के बाद तीन लोगों को हिरासत में लिया गया।
संवाद सूत्र, मोकामा। पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान मोकामा में विधायक अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। मतदान शुरू होने के साथ ही दोनों पक्षों के समर्थक मतदान केंद्र से दूर सड़क पर आमने-सामने आ गए। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई।
स्थिति बिगड़ने से पहले प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। पुलिस ने अनंत सिंह के निजी सुरक्षा गार्ड विपिन सिंह, समर्थक राजेश सिंह और नगर भाजपा अध्यक्ष राहुल रंजन को हिरासत में लिया।
संभावित तनाव को देखते हुए मोकामा और घोसवरी प्रखंड परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। ग्रामीण एसपी कोमल मीणा, बाढ़ एसडीओ कृष्णा जोशी और एसडीपीओ रामकृष्णा ने दोनों प्रखंडों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रशासन की सतर्कता के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सुबह से ही लगी मतदाताओं की लाइन
मोकामा प्रखंड परिसर स्थित मतदान केंद्र संख्या 77, 78 और 79 पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। निर्धारित समय सीमा के बाद भी कई केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखी गईं।
कड़ी धूप के बावजूद युवा, छात्र, महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांग और व्यवसायी अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। सुरक्षा कर्मियों ने जरूरतमंद बुजुर्ग और असहाय मतदाताओं को सहारा देकर मतदान केंद्र तक पहुंचने में मदद की।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार, पूर्व कानून मंत्री कार्तिकेय कुमार सिंह, भाजपा नेता ललन सिंह, लोजपा के पारस गुट के पटना जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह और नगर उपसभापति नीतू देवी ने भी मतदान किया।
अस्पताल से एंबुलेंस के जरिए पहुंचे जितेंद्र कुमार और मुंबई से आए एक छात्र ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जीत तय : नीरज
मतदान के दौरान राजद, जदयू और जन सुराज के चुनावी कैंपों में गहमागहमी बनी रही। कार्तिकेय कुमार सिंह ने राजद की जीत का दावा किया, जबकि नीरज कुमार ने अपनी जीत को लेकर भरोसा जताया।
मतदान समाप्त होने के बाद समर्थकों के बीच जीत-हार के समीकरणों पर चर्चा तेज हो गई। मोकामा विधायक अनंत सिंह के खेमे में भी जीत का जश्न मनाया गया।
यह भी पढ़ें- अनंत सिंह ने जदयू की बढ़ाई टेंशन: ललन सिंह को जवाब, निशांत पर तंज; अब नेतृत्व की परीक्षा
