विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Bihar MLC Eletion 2026: नवादा में सबसे अधिक वोटिंग, पटना में सबसे कम हुआ मतदान

Published: Sat, 24 Oct 2026 10:16 AM (IST)

पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदान संपन्न हुआ, जिसमें स्नातक में 55.82% और शिक्षक में 74.41% वोट पड़े।

वोट डालकर स्याही दिखाती महिलाएं। फोटो जागरण

वोट डालकर स्याही दिखाती महिलाएं। फोटो जागरण

HighLights

  1. स्नातक निर्वाचन में 55.82%, शिक्षक निर्वाचन में 74.41% मतदान हुआ।

  2. नवादा में सर्वाधिक, पटना में सबसे कम वोटिंग दर्ज की गई।

  3. चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 36 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद।

जागरण संवाददाता, पटना। पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गया। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 55.82 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 74.41 प्रतिशत मतदान हुआ।

दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में नवादा जिले में सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया, जबकि पटना जिले में वोटिंग का प्रतिशत सबसे कम रहा। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नवादा में 64.72 प्रतिशत, नालंदा में 57.09 प्रतिशत और पटना में 51.28 प्रतिशत मतदान हुआ।

वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में नवादा में 84.09 प्रतिशत, नालंदा में 79.47 प्रतिशत और पटना में 70.10 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह आठ से सभी 214 बूथों पर मतदान शुरू हुआ। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 36 प्रत्याशी मैदान में हैं।

इनमें स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 18-18 प्रत्याशी शामिल हैं। चुनाव के लिए पटना में 80 मतदान केंद्र स्नातक के लिए व 46 शिक्षक निर्वाचन के लिए बनाए गए थे।

वहीं नालंदा में 37 स्नातक व 20 शिक्षक और नवादा 17 स्नातक व 14 शिक्षक निर्वाचन के लिए बूथ बनाए गए थे। मतदान के दौरान निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

निर्वाची पदाधिकारी-सह-प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार आयुक्त कार्यालय में बने कंट्रोल रूम से पल पल की खबर लेते रहे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। चुनाव के दौरान कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना प्रशासन को नहीं मिली।

नवादा में सर्वाधिक मतदान

जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में नवादा के मतदाताओं ने सबसे अधिक उत्साह दिखाया। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नवादा का मतदान प्रतिशत पटना से 13.44 प्रतिशत अधिक रहा।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी नवादा में पटना की तुलना में 13.99 प्रतिशत अधिक मतदान हुआ। मतदान संपन्न होने के बाद अब प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है। चुनाव परिणाम से ही तय होगा कि दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं ने किस प्रत्याशी पर भरोसा जताया है।

मतदान केंद्रों का डीएम और एसएसपी ने किया निरीक्षण

पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 के दौरान शुक्रवार को जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।

Screenshot 2026-10-24 101247

अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर तैनात कर्मियों एवं पुलिस पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया पर लगातार निगरानी बनाए रखी। बिहार विधान परिषद स्नातक निर्वाचन में दीघा एवं सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक डॉ. संजीव चौरसिया ने बूथ संख्या-25 मध्य विद्यालय शेखपुरा में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

वहीं, मिलर स्कूल बूथ पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने मतदान किया। दोनों ही नेताओं ने अपने प्रत्याशियों के जीत के दावे किए।

यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election 2026: पटना में अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थकों में झड़प, 3 को हिरासत में लिया गया