Bihar MLC Election 2020: 9 सीटों के चुनाव की डेट आने के बाद 12 सीटों की भी जगीं उम्मीदें, BJP-JDU के खाते में जाएंगी
Bihar MLC Election 2020 राज्यपाल कोटे की विधान परिषद की 12 सीटों के लिए जल्द मनोनयन होगा। विधायकों के वोट से भरी जाने वाली नौ सीटों के चुनाव की अधिसूचना के बाद जगीं उम्मीदें।
पटना, राज्य ब्यूरो। राज्यपाल कोटे से भरी जाने वाली विधान परिषद की 12 सीटों के लिए जल्द मनोनयन होगा। विधायकों के वोट से भरी जाने वाली नौ सीटों के चुनाव की अधिसूचना के साथ ही मनोनयन की भी चर्चा शुरू हो गई है। इसमें अधिक औपचारिकता नहीं होती है। कैबिनेट की सिफारिश पर राज्यपाल अधिसूचना जारी करते हैं। इसमें वोटिंग की नौबत नहीं आती है। सूत्रों ने बताया कि मनोनयन की 12 सीटों में सात जदयू की होंगी। पांच भाजपा के हिस्से जाएंगी। लोजपा एक सीट पर दावा कर सकती है, क्योंकि पार्टी के नेता पशुपति कुमार पारस कुछ महीनों के लिए परिषद के सदस्य थे।
लोजपा का आदर किया गया तो भाजपा की एक सीट कम हो जाएगी। उसी के हिस्से की पांच में से एक सीट लोजपा को दी जाएगी। वैसे, लोजपा को एक सीट मिले, यह जरूरी नहीं है। 2014 के मनोनयन में सभी सीटें जदयू के हिस्से आई थी। उस समय राजद से आए सम्राट चौधरी, जावेद इकबाल अंसारी और राम लखन राम रमण के अलावा भाजपा से अलग हुए विजय कुमार मिश्रा और राणा गंगेश्वर सिंह को परिषद में जगह दी गई थी। ये सब विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देकर जदयू में शामिल हुए थे।
इनके अलावा राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, राम वचन राय, रणवीर नंदन, ललन सर्राफ, रामचंद्र भारती, संजय कुमार सिंह और शिवप्रसन्न यादव सदस्य बने थे। रणवीर नंदन भाजपा से जदयू में आए थे। जबकि रामचंद्र भारती को तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के करीबी होने के चलते परिषद में जगह दी गई थी।गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद की नौ सीटों के चुनाव के लिए सोमवार को भारत निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी कर दी है। 18 जून से नॉमिनेशन शुरू होगा और 26 जून को नॉमिनेशन की अंतिम तारीख है।
इसे भी पढ़ें : Bihar MLC Election Date 2020: बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव की तारीख का ऐलान