बिहार में 10वीं की छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म के बाद हत्या, 475 KM दूर लखनऊ में रेलवे ट्रैक पर मिला शव
बिहटा में एक नाबालिग स्कूली छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई, जिसका शव लखनऊ में रेलवे ट्रैक पर मिला।
HighLights
बिहटा में नाबालिग छात्रा का अपहरण, दुष्कर्म और हत्या।
लखनऊ रेलवे ट्रैक पर मिला छात्रा का शव।
पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया, जांच जारी।
संवाद सूत्र, बिहटा। बिहटा थानाक्षेत्र से एक नाबालिग स्कूली छात्रा को गलत नियत से अपहरण कर दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है।
पीड़िता की माता ने बिहटा थाने में लिखित आवेदन देकर बिहटा के पथलैटिया निवासी शंकर राय, दुर्गा राय एवं लक्ष्मण कुमार को नामजद अभियुक्त बनाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
स्वजन का आरोप है कि आरोपियों ने सोची-समझी साजिश के तहत घटना को अंजाम देकर मामले को रेल हादसे का रूप देने की कोशिश की है। बिहटा पुलिस एक नामजद आरोपी लक्ष्मण कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दिया है।
18 सितंबर को अचानक छात्रा लापता
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बिहटा के पथलौटीया गांव की रहने वाली दसवीं क्लास की नाबालिग छात्रा है। बीते तीन दिन पूर्व में 18 सितंबर को अचानक छात्रा लापता हो गयी थी।
स्वजन को खोजबीन में पता चला कि गांव के तीनो युवकों के द्वारा गलत नियत से छात्रा का अपहरण कर लिया गया है। 19 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे लखनऊरेल प्रशासन के द्वारा स्वजन को जानकारी मिली कि उनकी बच्ची घायल अवस्था में आलमनगर के समीप रेलवे ट्रैक से बरामद हुआ है।
बच्ची की इलाज के दौरान मौत
घटना की सूचना पर जबतक स्वजन आनन फानन में लखनऊ पहुंचे। लेकिन तबतक बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी। स्वजन शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद सोमवार को बिहटा पहुंच थाना मेंं लिखित शिकायत दर्ज कराई।
घटना की सूचना से इलाके में आक्रोश का माहौल कायम है। स्वजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी व कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में दानापुर डीएसपी टू अमरेंद्र कुमार झा का कहना है कि लखनऊ जीआरपी से संपर्क कर मोबाइल,शव बरामदगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गयी है।
