विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में 'हेल्थ अलर्ट': 17 नवंबर तक डॉक्टरों-नर्सों की छुट्टियों पर रोक, 24 घंटे मिलेगी इमरजेंसी सेवा

Published: Thu, 05 Nov 2026 06:57 PM (IST)

बिहार स्वास्थ्य विभाग ने दीपावली और छठ महापर्व के दौरान 6 से 17 नवंबर तक सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के अवकाश पर रोक लगा दी है।

छह से 17 नवंबर तक चिकित्सकों-नर्सों सहित सभी स्वास्थ्यकर्मियों के अवकाश पर रोक (AI Generated Image)

छह से 17 नवंबर तक चिकित्सकों-नर्सों सहित सभी स्वास्थ्यकर्मियों के अवकाश पर रोक (AI Generated Image)

राज्य ब्यूरो, पटना। मेडिकल कॉलेज व अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंंद्र (पीएचसी) तक को दीपावली से लेकर छठ महापर्व तक अलर्ट मोड में रहने का निर्देश है। छह से 17 नवंबर तक सभी चिकित्सकों, नर्सों, पारा-मेडिकल एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के अवकाश पर रोक रहेगी। यह स्वास्थ्य विभाग का निर्देश है।

इस दौरान अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही प्रमुख छठ घाटों पर मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, आवश्यक दवाओं और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था होगी। इन मेडिकल कैंपों में चिकित्सकों और पारा-मेडिकल कर्मियों की आठों पहर शिफ्टवार ड्यूटी लगेगी।

किसी भी स्वास्थ्यकर्मी को सामान्य परिस्थितियों में अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। अपरिहार्य स्थिति में सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति से ही अवकाश दिया जा सकेगा। सभी अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार उपस्थिति अनिवार्य होगी।

प्रत्येक अस्पताल में आपातकालीन कक्ष एवं सूचना पट्ट पर ड्यूटी रोस्टर प्रदर्शित करने का निर्देश है। अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, पट्टी, सर्जिकल सामग्री, आइवी फ्लूड और आक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता रहेगी। सभी अस्पतालों में वेंटिलेटर, क्रिटिकल केयर बेड और बर्न बेड की उपलब्धता का निर्देश है।

अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों पर जोर:

दीपावली के दौरान आग लगने की संभावित घटनाओं को देखते हुए अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ रखने का निर्देश है। इसके साथ ही ऑक्सीजन प्लांट, सिलिंडर भंडार और अस्पताल परिसर के आसपास दीये, मोमबत्ती एवं पटाखों के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

सभी जिलों में नियंत्रण कक्ष:

सभी जिलों के सिविल सर्जन कार्यालयों में 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेंंगे। प्रत्येक जिला में इसके लिए एक नोडल पदाधिकारी नामित किया जाएगा। राज्य स्तर पर भी बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति का नियंत्रण कक्ष (हेल्पलाइन नंबर 104) कार्यरत रहेगा। जिलों से प्रतिदिन राज्य स्वास्थ्य समिति को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।