विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'2 लाख दो वरना छापा पड़ेगा', बिहार में इंजीनियरों को धमकाने वाला 20 साल का फर्जी अफसर गिरफ्तार

Published: Tue, 10 Nov 2026 06:54 PM (IST)

बिहार में निगरानी अधिकारी बनकर सरकारी अफसरों से पैसे वसूलने वाले 20 वर्षीय निहाल कुमार राय को आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने गिरफ्तार किया है।

बिहार में इंजीनियरों को धमकाने वाला 20 साल का फर्जी अफसर गिरफ्तार (AI Generated Image)

बिहार में इंजीनियरों को धमकाने वाला 20 साल का फर्जी अफसर गिरफ्तार (AI Generated Image)

राज्य ब्यूरो, पटना। हेलो! निगरानी से बोल रहा हूं। आपके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत है। दो लाख रुपये लेकर संपर्क कीजिए। मामला रफा-दफा कर दिया जाएगा। पैसे नहीं दिए तो छापामारी होगी।

बिहार के सरकारी अफसरों को फोन पर कुछ इसी तरह धमकी देकर पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। इस मामले में बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई ने फर्जी निगरानी अधिकारी बन धमकी देने वाले 20 वर्षीय निहाल कुमार राय को गिरफ्तार किया है।

वह मूल रूप से गोपालगंज के मीरगंज थाना अंतर्गत पचफेरा का मूल निवासी है और अभी पटना के गर्दनीबाग में रह रहा था। उसने पूछताछ में कई इंजीनियरों और कार्यपालक अभियंताओं से भी रुपये वसूलने की बात स्वीकार की है।

ईओयू के अनुसार, कटिहार के बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, सलमारी में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता कृपानाथ चन्द्र विश्वास ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि छह नवंबर को उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को निगरानी विभाग का अधिकारी है।

फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि आपके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली है। कार्रवाई से बचना है तो दो लाख रुपये लेकर पटना आएं। रुपये देने पर शिकायत की प्रति उपलब्ध कराने और मामला खत्म कराने का भरोसा दिया। साथ ही पटना नहीं आने पर कभी भी छापामारी होने की धमकी दी।

आरोपित ने सात नवंबर को दोबारा फोन कर सोमवार को विकास भवन के पास रुपये लेकर बुलाया था। इसके बाद कार्यपालक अभियंता ने ईओयू कार्यालय पहुंचकर शिकायत की।

इस आधार पर आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 32/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फोन करने वाले आरोपित निहाल कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया।

पेटी कॉन्ट्रेक्टर है निहाल, गिरोह की तलाश तेज:

ईओयू के मुताबिक, आरोपित निहाल कुमार राय भवन निर्माण निगम में साधारण पेटी कॉन्ट्रेक्टर है। उसने पूछताछ में कई अभियंताओं से इसी तरह रुपये वसूलने की बात स्वीकार की है।

उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। ईओयू अब इस बात की जांच कर रही है कि इस ठगी और भयादोहन में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

अफसरों के नेम प्लेट और मोबाइनल नंबरों के स्क्रीनशॉट मिले

जांच में आरोपित के मोबाइल से अधिकारियों को डराने-धमकाने से संबंधित चैट, निगरानी इकाई के साइन बोर्ड और वरीय पदाधिकारियों की नेम प्लेट की तस्वीरें मिली हैं।

मोबाइल में विभिन्न विभागों के अभियंताओं और सरकारी अधिकारियों के मोबाइल नंबरों के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं। आरोपित के पास बिपार्ड के सहायक निदेशक के हस्ताक्षर से जारी रिशु कुमार के नाम का पहचान पत्र भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।