बिहार में 5 साल से क्यों खाली हैं लोकायुक्त के पद? हाईकोर्ट सख्त, मुख्य सचिव को खुद होना होगा पेश
पटना हाईकोर्ट ने बिहार में लोकायुक्त अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति में पांच साल की देरी पर राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने मुख्य सचिव को एक सप्ताह में नया हलफनामा दाखिल करने और 2 दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया है।

पांच साल की देरी पर हाईकोर्ट ने मांगा जवाब
HighLights
हाईकोर्ट ने लोकायुक्त नियुक्ति में पांच साल की देरी पर फटकारा।
मुख्य सचिव को एक सप्ताह में नया हलफनामा दाखिल करने का आदेश।
2 दिसंबर को मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होना होगा।
विधि संवाददाता, पटना। बिहार में लोकायुक्त के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति में हो रही देरी पर पटना हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। अदालत ने सवाल उठाया है कि जब कानून में नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने के लिए समयसीमा तय है, तो फिर पांच साल तक पद खाली कैसे रहे? मुख्य सचिव के जवाबी हलफनामे से भी कोर्ट संतुष्ट नहीं हुआ। अब मुख्य सचिव को एक सप्ताह के भीतर नया हलफनामा दाखिल करने के साथ दो दिसंबर को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होना होगा।
पांच साल की देरी पर हाईकोर्ट ने मांगा जवाब
न्यायाधीश अंसुल की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि लोकायुक्त जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान में नियुक्ति को पांच साल तक टालना सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा नहीं माना जा सकता।
कोर्ट ने मुख्य सचिव के जवाब को प्रथमदृष्टया टालमटोल वाला बताया। अदालत ने कहा कि हलफनामे में पद रिक्त रहने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं की गई है।
2021 से खाली हैं सदस्य, 2022 में अध्यक्ष का पद भी हुआ रिक्त
अदालत के आदेश के मुताबिक, बिहार में लोकायुक्त के सदस्यों के पद 17 मई 2021 से खाली हैं। वहीं, अध्यक्ष का पद 13 फरवरी 2022 से रिक्त है। हैरानी की बात यह है कि नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के लिए सरकार ने पहला कदम 21 जून 2023 को उठाया। यानी सदस्यों के पद खाली होने के करीब 25 महीने बाद चयन समिति की बैठक हुई।
66 महीने में 41 महीने का हिसाब नहीं दे पाई सरकार
हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव के हलफनामे में कई महत्वपूर्ण कमियां पाईं। अदालत ने कहा कि कुल 66 महीनों की अवधि में से करीब 41 महीने तक सरकार ने क्या कार्रवाई की, इसका कोई स्पष्ट विवरण नहीं दिया गया है। कोर्ट ने सवाल उठाया कि इतने लंबे समय तक नियुक्ति की दिशा में कोई ठोस पहल क्यों नहीं हुई।
कानून में तय है नियुक्ति प्रक्रिया की समयसीमा
बिहार लोकायुक्त अधिनियम, 2011 के तहत नियुक्ति प्रक्रिया के लिए स्पष्ट समयसीमा निर्धारित है। इसके अनुसार, सर्च कमेटी को तीन महीने और चयन समिति को एक महीने का समय दिया गया है। ऐसे में सरकार पांच साल की देरी को सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा बताकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
लोकायुक्त के अभाव में आम लोगों की शिकायतें लंबित
हाईकोर्ट ने इस देरी को केवल प्रशासनिक लापरवाही का मामला नहीं माना, बल्कि इसका असर आम नागरिकों पर पड़ने की बात भी कही। अदालत के अनुसार, लोकायुक्त के पद खाली रहने से शिकायतें लंबित हैं। भ्रष्टाचार या अन्य मामलों में शिकायत दर्ज कराने के इच्छुक नागरिकों के पास अपनी बात रखने के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध नहीं है।
दो दिसंबर को मुख्य सचिव को खुद देना होगा जवाब
अदालत ने मुख्य सचिव को एक सप्ताह के भीतर पूरक हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है। इसमें 17 मई 2021 से अब तक नियुक्ति के लिए उठाए गए सभी कदमों की तारीखवार जानकारी और संबंधित दस्तावेज देने होंगे। इसके साथ ही दो दिसंबर को दोपहर 12:15 बजे मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा।
सामान्य प्रशासन विभाग की मूल संचिका भी होगी पेश
हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव को सामान्य प्रशासन विभाग की मूल संचिका लेकर आने का निर्देश दिया है। इसमें लोकायुक्त के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति को लेकर सरकार की ओर से की गई पूरी कार्रवाई का रिकॉर्ड होना चाहिए। अब अगली सुनवाई में यह स्पष्ट हो सकेगा कि इतने लंबे समय तक नियुक्ति क्यों अटकी रही और इसके लिए जिम्मेदार कारण क्या थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।