विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लाइब्रेरियन परीक्षा रद, गया में सर्वर ठप होने से 155 अभ्यर्थियों का एग्जाम बाधित; बिहार बोर्ड कराएगा दोबारा परीक्षा

Published: Sat, 28 Nov 2026 05:06 PM (GMT+05:30)

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने गया में सर्वर खराबी के कारण 155 अभ्यर्थियों की पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 रद्द कर दी है। प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए जल्द ही दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसकी तिथि बाद में घोषित होगी।

155 अभ्यर्थियों की परीक्षा बीच में हुई बाधित

155 अभ्यर्थियों की परीक्षा बीच में हुई बाधित

HighLights

  1. गया में 155 अभ्यर्थियों की लाइब्रेरियन परीक्षा रद्द हुई।

  2. सर्वर खराबी के कारण बिहार बोर्ड ने लिया यह फैसला।

  3. प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा जल्द आयोजित की जाएगी।

जागरण संवाददाता, पटना/गया। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष (लाइब्रेरियन) पात्रता परीक्षा 2026 को लेकर बड़ा फैसला लिया है। गया के एक परीक्षा केंद्र पर सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण 155 अभ्यर्थियों की परीक्षा बाधित होने के बाद समिति ने संबंधित परीक्षा रद् कर दी है। अब प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। पुनर्परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

23 नवंबर से 6 दिसंबर तक आयोजित हो रही परीक्षा

विज्ञापन संख्या पीआर 221/2026 के तहत विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 का आयोजन 23 नवंबर से 6 दिसंबर 2026 तक किया जा रहा है। परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में दो पालियों में ली जा रही है। इसी क्रम में 27 नवंबर को गया के एक परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान तकनीकी समस्या सामने आई।

गया के केंद्र पर 417 अभ्यर्थी हुए थे शामिल

27 नवंबर 2026 को दूसरी पाली में L&T EduTech Exam Centre, यादव चौक, न्यू बाईपास, नौरंगा रोड, मानपुर, गया में परीक्षा आयोजित की गई थी। केंद्र पर कुल 476 अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित थी, जिनमें 417 अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे। परीक्षा के लिए तीन कंप्यूटर लैब निर्धारित की गई थीं।

155 अभ्यर्थियों की परीक्षा बीच में हुई बाधित

केंद्र की एक कंप्यूटर लैब में 155 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे थे। इसी दौरान अपराह्न 3:30 बजे सर्वर में तकनीकी खराबी आ गई। समस्या को दूर करने में अधिक समय लगने के कारण उस लैब में परीक्षा सुचारू रूप से संचालित नहीं हो सकी। इससे वहां परीक्षा दे रहे सभी 155 अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रभावित हुई।

समिति अध्यक्ष ने दिया पुनर्परीक्षा कराने का निर्देश

मामले की जानकारी मिलने के बाद बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष ने 27 नवंबर की दूसरी पाली में संबंधित केंद्र पर आयोजित परीक्षा रद्द कर पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लिया। प्रभावित अभ्यर्थियों को पुनर्परीक्षा की तिथि और अन्य जरूरी जानकारी अलग से दी जाएगी।

डीएम से मांगी गई जांच रिपोर्ट, एजेंसी से जवाब तलब

समिति ने पूरे मामले में गया के जिला पदाधिकारी से विस्तृत जांच प्रतिवेदन मांगा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसी L&T EduTech से भी सर्वर की तकनीकी खराबी और परीक्षा बाधित होने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।

दंडाधिकारी और पुलिस बल पर भी कार्रवाई के निर्देश

समय पर उच्चाधिकारियों को सूचना नहीं देने और कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में समिति ने सख्ती दिखाई है। केंद्र पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस बल के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए गया के जिला पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है।

प्रभावित अभ्यर्थियों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने संबंधित केंद्र पर 27 नवंबर को दूसरी पाली में परीक्षा देने वाले सभी अभ्यर्थियों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित सभी अभ्यर्थियों की पुनर्परीक्षा कराई जाएगी और इसकी सूचना उन्हें अलग से दी जाएगी।

परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने का भरोसा

समिति ने परीक्षा की पारदर्शिता, निष्पक्षता और शुचिता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। तकनीकी गड़बड़ी से प्रभावित अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए पुनर्परीक्षा का निर्णय लिया गया है। साथ ही मामले की जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।