विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में जमीन के कागजात होंगे अपडेट, मृत जमीन मालिकों की जमाबंदी अब वारिसों के नाम होगी

Published: Thu, 03 Sep 2026 06:24 PM (IST)

Bihar Land Records Update: बिहार में मृत रैयतों की जमाबंदी उनके उत्तराधिकारियों के नाम करने का निर्देश दिया गया है। ...और पढ़ें

मापी की तारीख पर अनुपस्थिति से नहीं रुकेगा काम

मापी की तारीख पर अनुपस्थिति से नहीं रुकेगा काम

HighLights

  1. मृत रैयतों की जमाबंदी वारिसों के नाम होगी।

  2. राजस्व कर्मचारी हर माह पांच मामले निपटाएंगे।

  3. मापी कार्य रैयत की अनुपस्थिति में नहीं रुकेगा।

राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Land Records Update राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने मृत रैयतों की जमाबंदी को उनके उत्तराधिकारियों के नाम दर्ज करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व कर्मचारी अपने-अपने हलका में हर महीने कम से कम पांच मृत जमाबंदी मामलों का निष्पादन करें। इसे अभियान का रूप देने को कहा गया है।

हर महीने पांच मामलों का करें निष्पादन

सचिव गुरुवार को गया, नालंदा एवं शेखपुरा जिलों के अंचल अधिकारियों की समीक्षात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने त्रुटिपूर्ण जमाबंदी मामलों की पहचान कर अभियान चलाने तथा उनका नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया। कहा कि राजस्व अभिलेखों को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना विभाग की प्राथमिकता है।

मापी की तारीख पर अनुपस्थिति से नहीं रुकेगा काम

सचिव ने स्पष्ट किया कि मापी की निर्धारित तिथि पर संबंधित रैयत की अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में मापी कार्य को लंबित रखने का आधार नहीं बनेगी। मापी की निर्धारित तिथि की सूचना संबंधित रैयत को व्यक्तिगत रूप से और उपलब्ध मोबाइल नंबर के माध्यम से दी जाए।

पंचायत भवन और अंचल कार्यालय में भी सूचना

मापी की तारीख से जुड़ी सूचना संबंधित पंचायत भवन एवं अंचल कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर भी दर्ज रहे। इससे रैयतों को मापी की निर्धारित तिथि की जानकारी समय पर मिल सकेगी। अधिकारियों को राजस्व मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं करने का निर्देश दिया गया।

अतिक्रमण वादों का ऑनलाइन होगा संचालन

सचिव ने सभी अंचलों में लंबित अतिक्रमण वादों का संचालन राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (आरसीएमएस) के माध्यम से पूर्णतः ऑनलाइन करने का निर्देश दिया। उन्होंने समीक्षा के दौरान लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और राजस्व रिकॉर्ड को दुरुस्त रखने पर जोर दिया।

बैठक में अपर सचिव डा. महेंद्र पाल, संयुक्त सचिव गिरधारी लाल, उप निदेशक मोना झा, राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य दिव्य राज गणेश, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री नवाजिश अख्तर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।