विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‍Bihar News: नकद में खरीदी करोड़ों की जमीन, भू-माफिया भगत यादव के काले कारोबार की खुलेंगी परतें

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:00 AM (IST)

भू-माफिया सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के ढाई हजार कट्ठा जमीन पर कब्जे के मामले में ईओयू की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गिरोह नकद में जमीन खरीदता था, अधिकारियों से लेन-देन की गोपनीय डायरी मिली है, और गरीबों की जमीन हड़पने के साथ मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप भी हैं।

सुरेन्द्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव

सुरेन्द्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव

HighLights

  1. ईओयू ने भू-माफिया भगत यादव के काले कारनामों का खुलासा किया।

  2. जमीन खरीद में भारी नकद राशि का उपयोग, अपराध से अर्जित धन।

  3. अधिकारियों से लेन-देन की गोपनीय डायरी और मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका।

राज्य ब्यूरो, पटना। ढाई हजार कट्ठा जमीन पर कब्जे के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की जांच में भू-माफिया सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव और उसके गिरोह के कई चौंकाने वाले कारनामे सामने आए हैं।

जांच में पता चला है कि गिरोह जमीन खरीदने में भारी मात्रा में नकद राशि का इस्तेमाल करता था। आशंका है कि इस राशि का स्रोत अपराध से अर्जित संपत्ति हो सकती है। कई रजिस्ट्री दस्तावेजों में भुगतान का पूरा ब्योरा भी दर्ज नहीं है। ऐसे में जमीन की रजिस्ट्री में शामिल निबंधनकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आएगी।

51 पन्नों की गोपनीय डायरी में अफसरों से लेन-देन का हिसाब

छापेमारी के दौरान ईओयू को 51 पन्नों की एक गोपनीय डायरी मिली है। इसमें कई पदाधिकारियों के साथ कथित लेन-देन का हिसाब दर्ज है। जांच एजेंसी अब डायरी में दर्ज जानकारियों का सत्यापन करा रही है।

इसके साथ ही उन रजिस्ट्री दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, जिनमें भुगतान का शेड्यूल नहीं दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, नकद लेन-देन के स्रोत और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

गरीबों और बाहर रहने वाले लोगों की जमीन बनाते थे निशाना

ईओयू की जांच में गिरोह की कार्यशैली भी सामने आई है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य गरीब, कमजोर और गांव से बाहर रहने वाले लोगों की जमीन चिह्नित करते थे। इसके बाद जमीन मालिकों को धमकाकर और कानूनी विवाद में उलझाकर उनकी जमीन खुद, स्वजन या गिरोह के सदस्यों के नाम पर बेहद कम कीमत में रजिस्ट्री करा ली जाती थी। गिरोह के आतंक के कारण कई पीड़ित शिकायत दर्ज कराने से भी बचते रहे।

अरबों की बाजार कीमत वाली जमीन डेढ़ करोड़ में कराई रजिस्ट्री

ईओयू के अनुसार, गया के शेरघाटी में इसी तरीके से अरबों रुपये बाजार मूल्य वाली जमीन महज डेढ़ करोड़ रुपये में निबंधित करा ली गई। जबकि उस जमीन का सरकारी मूल्य ही करीब 28 करोड़ रुपये था। जांच एजेंसी अब जमीन के वास्तविक मूल्य, रजिस्ट्री में दिखाई गई रकम और भुगतान के स्रोत की पड़ताल कर रही है।

बस एजेंट से गिरोह का मुख्य सदस्य बना रोशन

जांच में गिरोह के सदस्य बोधगया निवासी रोशन राज उर्फ रोशन उर्फ धनंजय की भूमिका भी सामने आई है। वह पहले साधारण बस एजेंट था। आरोप है कि पिछले कुछ वर्षों में भगत यादव के संपर्क में आने के बाद उसने अपने और पत्नी अनुपमा कुमारी के नाम पर कई जमीनें खरीदीं।

बोधगया में मगध विश्वविद्यालय के पास उसने आलीशान मकान भी बनवाया है। वहीं, भगत यादव का सहयोगी औरंगाबाद निवासी सुधीर पांडेय जमीन कब्जाने के लिए भूखंड चिह्नित करता था और खरीदारी के लिए नकद राशि भी उपलब्ध कराता था।

बेटी के नाम पर कंपनी, बेटे के नाम पर ईंट-भट्ठा

ईओयू के अनुसार, पटना के बुद्धा कॉलोनी स्थित चकारम के सुखिया महल अपार्टमेंट में भी भगत यादव का फ्लैट है। उसकी बेटी अनन्या कुमारी के नाम पर अनन्या क्रॉप्स इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है।

वहीं, बेटे आर्यन कुमार के नाम पर मोनू इंटरप्राइजेज नाम से ईंट-भट्ठा संचालित होने की जानकारी मिली है। गिरोह पर अवैध उत्खनन और परिवहन के जरिए सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है। जांच एजेंसी इन कंपनियों के माध्यम से कथित मनी लांड्रिंग की आशंका की भी जांच कर रही है।

करोड़ों की जमीन की खरीद-बिक्री, आय दिखाई महज 77 लाख

ईओयू की जांच में वर्ष 2008 से 2026 के बीच 56 जमीनों की रजिस्ट्री के दस्तावेज मिले हैं। इनका कुल रकबा करीब ढाई हजार कट्ठा है। इसके अलावा वर्ष 2014 से 2026 के बीच 827 डिसमिल जमीन की 22 डीड के जरिए एक करोड़ 90 लाख रुपये में बिक्री का ब्योरा भी मिला है।

पत्नी और बेटे के नाम पर भी मिले संदिग्ध लेन-देन

जांच के अनुसार, वर्ष 2021 से 2026 के बीच भगत यादव ने अपनी आय करीब 77 लाख रुपये दिखाई है। वहीं, पत्नी सुनीता देवी ने वर्ष 2022 से 2026 के बीच करीब 31 लाख रुपये की आय दर्शाई है। इसके बावजूद इसी अवधि में उनके नाम पर आठ जमीन और फ्लैट करीब एक करोड़ 90 लाख रुपये में खरीदे गए।

बेटे आर्यन कुमार के नाम पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में 21.40 लाख रुपये की दो डीड के जरिए जमीन खरीदी गई, जबकि उसका आयकर रिटर्न शून्य है। ईओयू इन सभी लेन-देन में आय के स्रोत और आयकर नियमों के अनुपालन की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें- ढाई हजार कट्ठा जमीन, 28 करोड़ का प्लॉट और 73.50 लाख कैश; कुख्यात भू-माफिया भगत यादव निकला करोड़ों का मालिक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।