विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दक्षिण कोरिया की AI तकनीक से बदलेगी बिहार की तस्वीर, स्मार्ट खेती से टूरिज्म तक; CIMP पटना ने किया करार

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:33 AM (IST)

चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान (सीआईएमपी) पटना और दक्षिण कोरिया के क्यान्गगी विश्वविद्यालय ने बिहार में नवाचार आधारित विकास के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

बिहार के विकास को मिलेगी कोरियाई तकनीक की धार (AI Generated Image)

बिहार के विकास को मिलेगी कोरियाई तकनीक की धार (AI Generated Image)

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में पर्यटन, शहरी विकास, कृषि और स्मार्ट खेती के क्षेत्रों में नवाचार आधारित विकास को गति देने के लिए गुरुवार को चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान (सीआईएमपी) पटना और दक्षिण कोरिया के सुवन स्थित क्यान्गगी विश्वविद्यालय के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

यह करार शैक्षणिक सहयोग और कोरिया-बिहार एआइ फ्यूचर जेनरेशन प्रोग्राम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया है। इस साझेदारी का लक्ष्य ज्ञान के आदान-प्रदान, संयुक्त अनुसंधान, क्षमता निर्माण और तकनीक आधारित समाधानों के लिए एक मंच तैयार करना है।

दोनों संस्थान अपनी पूरक शक्तियों का उपयोग कर राज्य की सामाजिक-आर्थिक और विकासात्मक चुनौतियों के लिए व्यावहारिक व नवीन समाधान तलाशेंगे।

क्यान्गगी विश्वविद्यालय में विशेष मामलों की उपाध्यक्ष डॉ. कियोंग किम ने कहा कि यह साझेदारी दक्षिण कोरिया और बिहार के अकादमिक व विकासात्मक संबंधों को मजबूत करने का बेहतरीन अवसर है।

विश्वविद्यालय की शिक्षा, प्रौद्योगिकी और नवाचार की विशेषज्ञता को बिहार की अपार क्षमता के साथ जोड़कर युवा पीढ़ी को सशक्त बनाया जाएगा, जिससे बिहार वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी और विकसित राज्य बन सके।

सीआईएमपी-बीआईआईएफ के सीईओ कुमोद कुमार ने कहा कि इस सहयोग से बिहार को दक्षिण कोरिया की उन्नत प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित विकास विशेषज्ञता का सीधा लाभ मिलेगा।

वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को स्थानीय समाधानों में ढालकर आर्थिक विकास को तेज करने और रोजगार सृजन करने पर जोर रहेगा।

सीआईएमपी के निदेशक प्रो. राणा सिंह ने इसे विकसित और समृद्ध बिहार की परिकल्पना की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, एआई, अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के समन्वय से राज्य में निवेश आकर्षित होगा तथा एक मजबूत ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था का निर्माण हो सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।