सीएम कन्या उत्थान योजना: स्नातक पास करते ही बेटियों के खाते में आएंगे 50 हजार रुपये, जानिए किसे मिलेगा लाभ
बिहार सरकार की मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना बेटियों को उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इस योजना के तहत, बिहार में 5.78 लाख से अधिक स्नातक छात्राओं को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिली है।
-1795606776195_m.webp)
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार सरकार की मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना राज्य की बेटियों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अब तक राज्य के 5.78 लाख से अधिक छात्राओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है।
विदित हो कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार की ओर से संचालित इस योजना का उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनकी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग देना है। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि से छात्राओं को आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं में मदद मिल सकती है। इस योजना के तहत राज्य के मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों से स्नातक उत्तीर्ण करने वाली पात्र छात्राओं को 50 हजार रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
शिक्षा विभाग के अनुसार, अब तक मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना से कुल 5,78,840 छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। इन छात्राओं को प्रोत्साहन राशि के रूप में कुल 2,894.20 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है।
बताया जाता है कि इस तरह की योजनाओं से बालिकाओं में उच्च शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के जरिए राज्य में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।