Move to Jagran APP

राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा का हिस्सा बिहार नहीं, कांग्रेसियों ने राज्य के लिए बनाया खास प्लान

राहुल गांधी के नेतृत्व में साढ़े तीन हजार किमी की लंबी भारत जोड़ो पदयात्रा शुरू हो गई है। राहुल की यात्रा के मार्ग में बिहार नहीं है। राज्य के सभी जिला और प्रखंड मुख्यालय में भारत जोड़ो पद यात्रा आहूत करने के निर्देश दिए हैं।

By Akshay PandeyEdited By: Fri, 09 Sep 2022 01:08 PM (IST)
राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा का हिस्सा बिहार नहीं, कांग्रेसियों ने राज्य के लिए बनाया खास प्लान
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में साढ़े तीन हजार किमी की लंबी भारत जोड़ो पदयात्रा शुरू हो गई है। कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर तक जानी वाली पद यात्रा में दिग्गज कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ पैदल मार्च कर रहे हैं। राहुल गांधी की यात्रा के मार्ग में बिहार नहीं है। लिहाजा पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने बिहार कांग्रेस के नेताओं को अगले तीन महीने तक राज्य के सभी जिला और प्रखंड मुख्यालय में भारत जोड़ो पद यात्रा आहूत करने के निर्देश दिए हैं। बिहार में चलने वाले पद यात्रा अभियान के लिए कोई तिथि तय नहीं की है। 

पटना महानगर नेताओं ने राजेंद्र समाधि स्थल से निकाली यात्रा 

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता असितनाथ तिवारी ने बताया प्रदेश में गुरुवार से ही यात्रा कार्यक्रम की शुरुआत हो गई है। आज पटना महानगर कांग्रेस ने देशरत्न डा. राजेंद्र प्रसाद के समाधि स्थल से गांधी मैदान स्थित बापू की प्रतिमा तक पद यात्रा की। पद यात्रा का नेतृत्व पटना महानगर कांग्रेस अध्यक्ष शशि रंजन ने किया। इस दौरान ब्रजेश प्रसाद मुनन, कुमार आशीष, मुन्ना शाही, लाल बाबू लाल, ज्ञान रंजन, संजीव कुमार कर्मवीर, चुन्नू सिंह, मृणाल अनामय, सिद्धार्थ क्षत्रिय, उर्मिला सिंह नीलू समेत सैकड़ों पार्टी नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

राज्य के 10 नेता फिलहाल राहुल गांधी के साथ

प्रदेश कांग्रेस से मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी के साथ बिहार कांग्रेस के कई नेता यात्रा में शामिल हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन, विधानमंडल दल के नेता अजीत शर्मा, बक्सर विधायक मुन्ना तिवारी, राज्यसभा सदस्य डा. अखिलेश प्रसाद सिंह, कन्हैया कुमार, आनंद शंकर, अमित कुमार टुन्ना, श्रीकृष्ण हरि, ओमिर खान, अशोक कुमार गुप्ता इस यात्रा में फिलहाल राहुल गांधी के साथ है। इनमें से कुछ बतौर आमंत्रित सदस्य हैं, जो बीच में यात्रा छोड़ सकेंगे। 

इन राज्यों से गुजरेगी राहुल गांधी की पदयात्रा  

यात्रा 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश होते हुए यात्रा जम्मू-कश्मीर पहुंचेगी। राहुल गांधी ने प्रतिदिन 25 किमी पैदल यात्रा का लक्ष्य निर्धारित किया है।