विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वॉट्सएप-टेलीग्राम के जरिए रातों-रात पैसा दोगुना करने का झांसा, बिहार में 65% बढ़े इन्वेस्टमेंट फ्रॉड के मामले

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:00 AM (IST)

बिहार में निवेश के नाम पर साइबर ठगी में एक साल में 65% की वृद्धि हुई है, जहां अब हर ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. बिहार में निवेश धोखाधड़ी एक साल में 65% बढ़ी।

  2. हर माह औसतन तीन करोड़ चार लाख रुपये की ठगी।

  3. फर्जी आईपीओ, क्रिप्टो, शेयर ट्रेडिंग से लोग बन रहे शिकार।

राज्य ब्यूरो, पटना। दीवाली नजदीक है। अगर आप भी वॉट्सएप और टेलीग्राम एप की टिप्स पर शेयर बाजार, क्रिप्टो आदि में निवेश करने की सोच रहे हैं तो सचेत हो जाइए।

बिहार में निवेश के नाम पर साइबर ठगी (इन्वेस्टमेंट फ्रॉड) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले एक साल में ही इसमें 65 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

पिछले साल 2025 में हर माह औसत दो करोड़ नौ लाख का इन्वेस्टमेंट फ्रॉड दर्ज किया जा रहा था जो इस साल बढ़कर हर माह औसत तीन करोड़ चार लाख रुपये हो गया है।

साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2025 से सितंबर 2026 तक 52.38 करोड़ की ठगी निवेश के नाम पर हुई है।

इसमें सिर्फ इस साल जनवरी से सितंबर के बीच 27.54 करोड़ की राशि ठगी गई है। पिछले साल सितंबर तक यह आंकड़ा महज 16.58 करोड़ था। पिछले वर्ष 2025 में कुल 25.04 करोड़ की ठगी निवेश के नाम पर हुई थी।

साइबर अपराधी एक्टिव

इन्वेस्टमेंट फ्रॉड के सबसे अधिक मामले पटना में दर्ज किए जा रहे हैं। पिछले 21 माह में सबसे बड़ी ठगी 1 करोड़ 46 लाख रुपये की हुई है।

सीसीएसयू के अनुसार, साइबर अपराधी फर्जी आइपीओ और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर सबसे अधिक 31 प्रतिशत से अधिक पीडि़तों को शिकार बना रहे हैं। पिछले साल से अब तक 16.59 करोड़ की ठगी हुई है।

इसके बाद क्रिप्टो करेंसी और विदेशी शेयर मार्केट फारेक्स के नाम पर 5.32 करोड़, पैसे दोगुने करने के नाम पर 4.68 करोड़, फर्जी कंपनी स्कीम के नाम पर 3.31 करोड़, पार्ट टाइम या टास्क आधारित जॉब के नाम पर 2.78 करोड़ और गेमिंग और सट्टेबाजी एप के नाम पर 30 लाख रुपये से अधिक की ठगी हुई है।

इस तरह बना रहे लोगों को शिकार

निवेश के नाम पर ठगी में सर्वाधिक इस्तेमाल वॉट्सएप, टेलीग्राम के साथ फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म का किया जा रहा है।

फेसबुक-इंस्टाग्राम पर आकर्षक विज्ञापन के जरिए निवेश के इच्छुक लोगों को वाट्सएप और इंस्टाग्राम ग्रुप से जोड़ा जाता है।

इसके बाद फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर विश्वास दिलाया जाता है कि फलां आइपीओ, स्टाक, शेयर या कंपनी में निवेश करने पर कम समय में पैसे दोगुने हो सकते हैं।

इसके बाद निवेश की राशि गायब कर दी जाती है। इसके अलावा कई बार फायदा दिखाकर टैक्स और दूसरे सर्विस चार्ज के नाम पर अतिरिक्त राशि भी मांगकर ठगी की जाती है।

इन्वेस्टमेंट फ्राड : सर्वाधिक प्रभावित जिले
इन्वेस्टमेंट फ्राड का प्रकार सर्वाधिक प्रभावित जिले
फर्जी आइपीओ / शेयर पटना, मोतिहारी, सारण, मुजफ्फरपुर
क्रिप्टो और फॉरेक्स पटना, सारण, दरभंगा, बेगूसराय
पैसे दोगुने / हाई रिटर्न पटना, भागलपुर, मोतिहारी, समस्तीपुर
फर्जी कंपनी स्कीम पटना, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, रोहतास
पार्ट टाइम जॉब पटना, मुजफ्फरपुर, सिवान, नालंदा
गेमिंग / सट्टेबाजी ऐप पटना, गया, मोतिहारी, मुंगेर

यह भी पढ़ें- पटना: EMI बाउंस होने पर जबरन छीन ली थी बाइक, अब फाइनेंसर को देना होगा 20 हजार जुर्माना