वैलेंटाइन वीक में ऑनर किलिंग: बिहार के नालंदा में शादीशुदा प्रेमिका के साथ पकड़ा गया प्रेमी, पति ने दोनों को काट डाला
Bihar Honor Killing in Valentine Week बिहार में नालंदा में वैलेंटाइन वीक के दौरान शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को अपनी पत्नी के साथ देख पति ने आपा खो दिया। उसने परिवार के साथ मिलकर दोनों को काट डाला। घटना की पूरी जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।
नालंदा, जागरण संवाददाता। प्रेमिका की शादी के कई सालों बाद भी प्रेमी नहीं माना। वैलेंटाइन वीक में वह उससे मिलने उसकी ससुराल जा पहुंचा। दोनों को घर के अंदर कमरे में साथ देख कर पति का पारा चढ़ गया। उसने पत्नी व उसके प्रेमी की वहीं काटकर हत्या कर दी। इसके बाद पूरा परिवार दोनों के शवों को वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना नालंदा के थरथरी थाना क्षेत्र के रूपन बीघा गांव में बुधवार की सुबह हुई।
घर के कमरे में जमीन पर पड़े मिले शव
रूपन बीघा गांव के रहने वाले सबलू यादव की पत्नी रेखा देवी की हत्या उसके प्रेमी निशांत कुमार उर्फ छोटू के साथ बुधवार की सुबह पति व ससुराल वालों ने कर दी। रेखा एवं निशांत के शव घर के कमरे में जमीन पर पड़े मिले। हत्या में प्रयुक्त फाबड़े को हत्यारों ने पीनी से धोकर छिपा दिया था, जिस पुलिस ने कमरे से पास से बरामद कर लिया है। रेखा के पति समेत घर के सभी सदस्य फरार हैं।
गुपचुप मिलते रहते थे प्रेमी-प्रेमिका
मिली जानकारी के अनुसार रेखा का निशांत के साथ शादी के पहले से ही प्रेम संबंध था। लेकिन परिवार वालों ने उसकी शादी सबलू से करा दी। 30 वर्षीया रेखा देवी की चार व तीन साल की दो संतानें भी हैं। इसके बाद भी दोनों का प्रेम संबंध कायम रहा। रेखा का मायका हिलसा थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव में है। उसका प्रेमी भी उसी गांव का रहने वाला था। दोनों मौका निकाल कर गुपचुप मिलते रहते थे।
अचानक पहुंचा पति, खुल गई पाेल
वैलेंटाइन वीक में प्रेमी ने रेखा से मिलने की ठानी। बताया जाता है कि पति के नौकरी के सिलसिले में चेन्नई में रहने के कारण दोनों को मौका मिल गया। लेकिन बुधवार की सुबह अचानक ही पति चेन्नई से आ गया। इसी बीच निशांत अपनी प्रेमिका रेखा से मिलकर घर से निकलने ही वाला था कि सबलू व घरवालों की नर उसपर पड़ गई। दोनों को साथ देख पति व ससुराल वालों ने आपा खो दिया। घर वालों ने इसे मान-सम्मान के खिलाफ मानकर दोनों को मार डाला। मृतक निशांत के पिता बिहार पुलिस में जवान हैं। निशांत भी आगामी तीन मार्च को नौकरी ज्वाइन करने वाला था।
प्रथमदृष्ट्या मामला ऑनर किलिंग का
एसपी हरिप्रसाथ एस ने कहा कि प्रथमदृष्ट्या मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मृतक महिला के ससुराल वालों की तलाश में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।