Bihar Bhumi: बिहार में भूमिहीनों को मिलेगी जमीन, अंचल कार्यालय या पोर्टल पर करें सीधा अप्लाई
बिहार सरकार ने भूमिहीनों को आवास के लिए जमीन देने हेतु ऑनलाइन आवेदन का विकल्प दिया है, जिससे अब अंचल ...और पढ़ें

बिहार में भूमिहीनों को आवास के लिए मिलेगी जमीन, अब ऑनलाइन करें आवेदन (AI Generated Image)
HighLights
भूमिहीनों को आवास के लिए जमीन हेतु ऑनलाइन आवेदन का विकल्प।
अंचल कार्यालय के अलावा बिहारभूमि पोर्टल पर भी कर सकेंगे आवेदन।
नवंबर तक 30 हजार भूमिहीनों को जमीन देने का लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, पटना। आवास की जमीन के लिए भूमिहीनों की पटना में बढ़ रही भीड़ को देखते हुए सरकार ने अंचल कार्यालय में आवेदन के अलावा ऑनलाइन का भी विकल्प दे दिया है। अब इस श्रेणी के लोग अपने अंचल कार्यालय के साथ-साथ बिहारभूमि पोर्टल पर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विभाग के सचिव जय सिंह ने सोमवार को कहा कि अभियान बसेरा के तहत वासभूमि के लिए आवेदन संबंधित अंचल कार्यालय में ही जमा किया जा सकता है।
इच्छुक लाभार्थी बिहारभूमि पोर्टल https://biharbhumi.bihar.gov.in के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। सरकार ने नवंबर तक 30 हजार भूमिहीनों को आवास के लिए जमीन देने का निर्णय किया है।
सुनिश्चित करें अधिकारी
विभाग ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान बसेरा के तहत वासभूमि के लिए आने वाले आवेदनों को अपने अंचल कार्यालय में प्राप्त करना सुनिश्चित करें। किसी भी आवेदक का आवेदन जमा नहीं होने की स्थिति में संबंधित अंचलाधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
आवेदक को उसकी प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराना अनिवार्य है। लाभार्थियों से कहा गया है कि वे रसीद सुरक्षित रखें।
क्या है परेशानी?
विभाग ने कहा कि भ्रम के चलते बड़ी संख्या में लोग पटना पहुंच रहे हैं। करीब एक सप्ताह से आवेदन लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय और आवास के बीच भीड़ आ रही थी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था वासभूमि के लिए आवेदन जमा कराने के नाम पर पटना भेजता है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अब किसी भी लाभार्थी को आवेदन जमा कराने के लिए पटना आने की जरूरत नहीं है। सभी अंचलाधिकारी सुनिश्चित करें और आवेदक को प्राप्ति रसीद अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। आवेदन जमा नहीं होने पर संबंधित अंचलाधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। लाभार्थी अनावश्यक यात्रा से बचें। - डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग
यह भी पढ़ें- बिहार में डिजिटल जमाबंदी की खामियां होंगी दूर, 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष राजस्व अभियान
यह भी पढ़ें- जमीन मालिक बंगाल में; रजिस्ट्री हो गई पूर्णिया में, अब DM ने जिला अवर निबंधक से मांगी रिपोर्ट
