बिहार के पुलिसकर्मियों के लिए जरूरी खबर, चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद भूलकर भी न करें ये काम
Bihar Police Alert बिहार के पुलिसकर्मियों के लिए ये खबर जरूरी है। सरकार ने वैसे पुलिसकर्मियों के लिए खास निर्देश जारी किया है जिनकी ड्यूटी पंचायत चुनाव में लगाई गई है। चुनाव ड्यूटी के बाद गलती कर रहे पुलिस वालों की लिस्ट भी मांगी गई है।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Police News: बिहार पुलिस के जवानों और पदाधिकारियों को पंचायत चुनाव (Bihar Panchayat Chunav 2021) की ड्यूटी के बाद छुट्टी पर जाना महंगा पड़ सकता है। चुनावी ड्यूटी पूरी होने के तुरंत बाद अपने नियमित जिले व थाने में योगदान देना है। अनुपस्थित रहने पर कार्रवाई की जाएगी। इस बार 11 चरणों में पंचायत चुनाव हो रहा है। इसके लिए केंद्रीय बल नहीं बुलाया गया है। राज्य के पुलिस और सुरक्षाबलों के हाथ में ही सुरक्षा की कमान है। ऐसे में थाना और जिलास्तर पर पदस्थापित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी व पदाधिकारियों को आस-पास की पंचायतों में हो रहे चुनाव में ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस कर्मियों को कई चरण के चुनाव में ड्यूटी करनी पड़ सकती है।
सभी एसपी से मांगी गई ऐसे पुलिसकर्मियों की सूची
मिली जानकारी के अनुसार कई पुलिसकर्मी चुनावी ड्यूटी के बाद अगले दिन अघोषित छुट्टी ले रहे हैं। इससे रूटीन काम प्रभावित हो रहा। इसी कारण थानाध्यक्षों को यह निर्देश दिया गया है कि वे अपने थाने से चुनावी ड्यूटी में गए पुलिसकर्मियों की उपस्थिति चेक करें। थाने से चुनावी ड्यूटी की दूरी तय कर समय का आकलन कर लें। इसकी सूची एसपी को भी भेजने को कहा गया है। इसमें लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई का निर्देश जारी किया गया है।
चुनाव कार्य के लिए जिले से बाहर भी लग रही ड्यूटी
पंचायत चुनाव के दौरान पुलिसकर्मियों व अफसरों की कमी दूर करने के लिए अंतर जिला प्रतिनियुक्ति भी की जा रही है। पुलिस मुख्यालय ने सभी रेंज के आइजी और डीआइजी को अपने क्षेत्र में पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल की अंतर जिला प्रतिनियुक्ति का भी अधिकार दिया है। हर चरण के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को प्रतिनियुक्त करने को कहा गया है। इसके लिए जिला पुलिस के साथ बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल, होमगार्ड जवानों व लाठी व पैदल पुलिस बल की भी मदद ली जा रही है।