Hajipur: आम के पेड़ से लटकता मिला महिला का शव, हत्या होने की आशंका
बिदुपुर थाना क्षेत्र के मझौली गांव में शनिवार की सुबह पेड़ से लटका एक महिला का बरामद किया गया। लोग संदेह जाहिर कर रहे है कि महिला की बेरहमी से पिटाई के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर उसे पेड़ से लटका दिया गया है जिससे मामला आत्महत्या का दिखे।
हाजीपुर, संवाद सूत्र: हाजीपुर के बिदुपुर थाना क्षेत्र के मझौली गांव में शनिवार की सुबह पेड़ से लटका एक महिला का शव बरामद किया गया। शव महिला के दरवाजे के सामने आम के पेड़ के पेड़ से लटका मिला। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस दी। पुलिस के आने से पहले ही ग्रामीणों ने पेड़ से लटके महिला के शव को नीचे उतारकर रख दिया। मौके पर पहुंचे थानेदार और पुलिस टीम ने मामले की छानबीन की जिसके पश्चात पुलिस ने मामला को संदेहास्पद बताया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की 49 वर्षीय गायत्री देवी अपने छोटे बेटे के साथ शुक्रवार रात्रि घर में सोई हुई थी। उसका लड़का जब सुबह तैयार होकर कोचिंग के लिए निकल रहा था, तब उसने देखा कि उसकी मां का शव उसके दरवाजे के सामने के आम के पेड़ से लटका हुआ है, जिसके बाद वह रोने और चिल्लाने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को खबर देने से पूर्व ही पेड़ से शव को उतारा और घटना की खबर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि तकरीबन डेढ़ दशक पूर्व मृतका के पति सुरेश चौधरी की गंभीर बीमारी से मौत हो गई थी। महिला की एक बेटी और बेटा अंजेश और अंकुर है। महिला साधारण परिवार की है। वह स्कूल में रसोइया का काम करती थी। लोग संदेह जाहिर कर रहे हैं कि महिला की बेरहमी से पिटाई के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर बाद में उसे पेड़ से लटका दिया गया है, जिससे मामला आत्महत्या का दिखे।