छठ से पहले बिहार के 1.09 करोड़ पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 1100 रुपये, CM सम्राट ने जारी किए 1205 करोड़
छठ पूजा से ठीक पहले बिहार सरकार ने 1.09 करोड़ सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ...और पढ़ें

पेंशनधारियों के खाते में राशि हस्तांतरित करते सीएम सम्राट चौधरी, साथ में डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी। सौ-एक्स
HighLights
छठ से पहले 1.09 करोड़ पेंशनधारियों को मिली राशि।
प्रति लाभार्थी 1,100 रुपये, कुल 1205 करोड़ हस्तांतरित।
हर महीने की 10 तारीख को मनेगा 'बिहार पेंशन दिवस'।
राज्य ब्यूरो, पटना। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा से ठीक पहले बिहार सरकार ने राज्य के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को बड़ा आर्थिक संबल दिया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' में आयोजित कार्यक्रम में एक करोड़ 9 लाख 62 हजार 859 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि का सीधा हस्तांतरण किया।
सरकार ने त्योहार की खुशियों को दोगुना करने के लिए प्रति लाभार्थी 1,100 रुपये की दर से कुल 1205 करोड़ 91 लाख 44 हजार 900 रुपये की भारी-भरकम राशि जारी की है।
हर महीने की 10 तारीख को मनेगा 'बिहार पेंशन दिवस'
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि अब से प्रत्येक माह की 10 तारीख को 'बिहार पेंशन दिवस' के रूप में मनाया जाएगा।
उन्होंने सभी पेंशनभोगियों को बधाई दी और छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं। सीएम ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना केवल एक आर्थिक सहायता कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह सामाजिक न्याय, मानवीय संवेदना और सुशासन के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
400 रुपये से बढ़ाकर की गई 1,100 रुपये पेंशन
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1,100 रुपये प्रतिमाह करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है, ताकि समाज के कमजोर वर्गों को सम्मानजनक जीवन मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विशेष अभियान चलाकर छूटे हुए पात्र व्यक्तियों को भी इस योजना से जोड़ा जाए। सरकारी प्रयासों के चलते महज पिछले एक महीने के भीतर 1,36,854 नए पेंशनधारी इस कल्याणकारी योजना से जुड़े हैं।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस डिजिटल हस्तांतरण कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक इनायत खान ने योजना का संक्षिप्त विवरण पेश किया और बिहार पेंशन दिवस पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी व बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी जिलों से जिलाधिकारी और हजारों पेंशनभोगी भी इस कार्यक्रम से सीधे जुड़े थे।
यह भी पढ़ें- बिहार में CO, BDO और इंजीनियर समेत 15 अफसर सस्पेंड, सहयोग कार्यक्रम में शिकायतें सुनते ही CM सम्राट ने लिया एक्शन