यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
स्वच्छता के क्षेत्र में बिहार को मिले तीन आइएससी-फिक्की अवार्ड, जमुई की मुखिया को मिला वुमन चेंजमेकर सम्मान
Bihar News ग्रामीण स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए बिहार को तीन श्रेणियों में आईएसी-फिक्की अवार्ड 2023 मिला। ...और पढ़ें

HighLights
- गंगा ग्रामों में स्वच्छता की विशेष पहल ‘लाइटहाउस इनिशियेटिव्स’ के लिए बिहार राज्य को मिला पुरस्कार
- जमुई जिला के हरला ग्राम पंचायत की मुखिया को स्वच्छता के क्षेत्र में मिला वुमन चेंजमेकर सम्मान
राज्य ब्यूरो, पटना। ग्रामीण स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए बिहार को तीन श्रेणियों में आईएसी-फिक्की अवार्ड 2023 मिला। दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय सातवीं आईएससी फिक्की स्वच्छता सम्मान समारोह में बिहार का डंका बजा।
स्वच्छता के लिए डिजिटल संचार तथा गंगा ग्रामों में संचालित 'लाइटहाउस पहल’ में उल्लेखनीय कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
वहीं, जमुई जिला के लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत हरला ग्राम की मुखिया कोमल कुमारी को भी ‘वुमन चेंजमेकर’ श्रेणी में यह अवार्ड मिला। फिक्की फेडरेशन हाउस दिल्ली में आयोजित सातवीं आइएससी फिक्की स्वच्छता सम्मान समारोह में बिहार राज्य छाया रहा।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)/लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अंतर्गत संचालित डिजिटल कम्यूनिकेशन मानीटरिंग सिस्टम (डीसीएमएस) पहल को पूरे देश में स्वच्छता संचार डिजिटल श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ सम्मान प्राप्त हुआ।
डिजिटल तकनीक से दिए जा रहे ये संदेश
इस पहल के तहत स्वच्छता संबंधी संदेश विशेष रूप से शौचालय के नियमित उपयोग, स्वच्छ आदत अपनाने, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन इत्यादि के बारे में डिजिटल तकनीक द्वारा संदेशों को प्रेषित किया जा रहा है।
यह वर्तमान में राज्य के 1563 ग्राम पंचायतों में संचालित है, जिसे सभी ग्राम पंचायतों में लागू किया जाना लक्षित है। यह पहल यूनीसेफ एवं विकास प्रबंधन संस्थान, पटना के सहयोग से संचालित किया गया है।
चयनित गंगा ग्रामों में प्राथमिकता के आधार पर ‘संपूर्ण स्वच्छता’ की पहल 'लाइट हाउस इनीसियेटिव्स' के लिए किए जा रहे कार्यों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
बिहार राज्य को लाइटहाउस इनीशियेटिव्स अंतर्गत सर्वाधिक मॉडल ओडीएफ-प्लस ग्राम पंचायतों के लिए यह सम्मान प्राप्त हुआ।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)/ लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के मिशन निदेशक राहुल कुमार एवं राज्य समन्वयक राजेश कुमार ने दोनों सम्मान प्राप्त किया।
राज्य में स्वच्छ भारत मिशन स्वच्छता के लिए उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे है। विशेष रूप से ठोस एवं तरल अपशिष्ट के समुचित निपटान तथा कचरा को ‘संसाधन’ में बदलने के लिए अहम प्रयास किए जा रहे है।
हरला की मुखिया कोमल कुमारी को भी मिला सम्मान
जुमई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत हरला ग्राम पंचायत की मुखिया कोमल कुमारी को अपने ग्राम पंचायत में स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए वुमन चेंजमेकर सम्मान से सम्मानित किया गया। हरला ग्राम पंचायत में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन का कार्य किया जा रहा है।
ठोस कचरा के प्रसंस्करण के लिए अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई, गोबर से बायोगैस निर्माण के लिए गोबरधन इकाई तथा प्लास्टिक अपशिष्ट को संसाधन में बदलने के लिए प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई तीनों प्रमुख परिसंपत्तियां निर्मित हैं।
ऐसे हुआ चयन
सेनिटेशन कोलिशन आफ इंडिया – फिक्की अवार्ड 2023 के लिए इस वर्ष के मध्य में राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छता के क्षेत्र में विभिन्न श्रेणियों के लिए खुला आवेदन मांगा गया था। पूरे देश से प्राप्त प्रविष्टियों में से चुनिंदा आवेदकों को चुना गया।
प्रोफेसर आर ए माशेलकर की अध्यक्षता में गठित जूरी द्वारा चयनित प्रतिभगियों का ऑनलाइन प्रस्तुतिकरण-सह साक्षात्कार किया गया, जिसके आधार पर इंडियन सेनिटेशन कोलिशन द्वारा पुरस्कार की घोषणा की गयी। दिल्ली में दिनांक 20 एवं 21 नवंबर 2023 को दो दिवसीय समारोह का आयोजन किया गया।
