सुबह-सुबह आधा दर्जन हत्याओं से दहला बिहार, पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग
मंगलवार की सुबह बिहार के विभिन्न इलाकों में करीब आधा दर्जन हत्याओं की जानकारी फैली। इससे लोगों में दहशत है। छपरा में एक चौकीदार की हत्या के खिलाफ सड़क पर प्रदर्शन किया गया।
पटना [जेएनएन]। बिहार में फिर हत्याओं की सुबह हुई। राज्य के पटना, सीतामढ़ी, छपरा व खगडि़या सहित अलग-अलग इलाकों में आधा दर्जन हत्याएं हुई। छपरा में एक चौकीदार की हत्या के खिलाफ जनाक्रोश उबल पड़ा। भीउ़ ने सड़क जात कर आगजनी की।
छपरा में चौकीदार की हत्या पर बवाल
जानकारी के अनुसार छपरा के परसा थाना क्षेत्र में बीती रात एक चौकीदार बच्चा राम की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद मंगलवार की सुबह लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ ने परसा बाजार बंद करा कर सड़क जाम कर दिया। सड़क पर जमकर आगजनी की गई। लोगों का कहना था कि जब पुलिस खुद अपनी रक्षा नहीं कर सकती तो वह जनता की रक्षा क्या करेगी।
सीतामढ़ी, खगडि़या व बेगूसराय में तीन की हत्या
खगडि़या के मानसी थाना क्षेत्र स्थित एकनियां गांव में बेगूसराय के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उधर, बेगूसराय के बलिया के सोनवर्षा दियारा में एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। उसे बुरी तरह घायल अवस्था में इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भर्ती कराया गया, लेकिन नहीं बचाया जा सका। सीतामढ़ी में भी एक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पटना में हत्या कर फेंका शव मिला
राजधानी पटना के दीघा इलाके में मंगलवार की सुबह तब सनसनी फैल गई, जब हत्या की फेंकी एक लाश मिली।