विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

125 यूनिट मुफ्त बिजली पर 1 दिसंबर से विशेष अभियान, दीपावली पर CM सम्राट का एलान; PM मोदी भी आएंगे ब‍िहार

Published: Sun, 08 Nov 2026 02:07 PM (IST)

CM सम्राट चौधरी ने बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के तहत 1 दिसंबर से विशेष अभियान की घोषणा ...और पढ़ें

दीपावली के अवसर पर अनुसूचित जात‍ि बस्‍ती में मह‍ि‍ला को उपहार देते सीएम सम्राट चौधरी। सौ-एक्‍स

दीपावली के अवसर पर अनुसूचित जात‍ि बस्‍ती में मह‍ि‍ला को उपहार देते सीएम सम्राट चौधरी। सौ-एक्‍स

HighLights

  1. 1 दिसंबर से मुफ्त बिजली सब्सिडी छोड़ने का अभियान।

  2. सक्षम परिवार स्वेच्छा से सब्सिडी छोड़ने की अपील।

  3. वर्तमान में 1.92 करोड़ परिवारों को मिल रहा लाभ।

डिजिटल डेस्क, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीपावली के अवसर पर रविवार को पटना की महादलित बस्ती में पहुंचकर लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

दीघा-आशियाना रोड स्थित महालक्ष्मी देवी की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना करने के बाद वह बस्ती के लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात की, दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उपहार भेंट किए।

लोगों के बीच पहुंचकर मनाएं दीवाली 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के सभी वर्गों के लोग इसमें समान रूप से सहभागी बनें।

उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक पदाधिकारियों से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आदिवासी, अनुसूचित जाति और अतिपिछड़े समाज के लोगों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली मनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना सभी का दायित्व है। दीपावली के अवसर पर उन्होंने बिहारवासियों को शुभकामनाएं दी। 

राज्य की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि बिहार समृद्धि के मार्ग पर और मजबूती के साथ आगे बढ़े, यही उनकी कामना है।

1 दिसंबर से बिजली सब्सिडी छोड़ने के लिए चलेगा अभियान

मुख्यमंत्री ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के 1.92 करोड़ परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है।

अब जो संपन्न उपभोक्ता स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी का लाभ छोड़ना चाहते हैं, उनके लिए एक दिसंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से सक्षम परिवारों से स्वेच्छा से सब्सिडी छोड़ने का आग्रह किया जाएगा। इसके लिए उपभोक्ताओं को अपनी इच्छा के अनुसार विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा।

एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर बिहार आएंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में एनडीए सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री बिहार आएंगे। उनके आगमन पर राज्य को कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलेंगी, जिससे विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा देश की सीमाओं पर तैनात जवानों के बीच जाकर दीपावली मनाते रहे हैं।

इस बार वह नक्सलवाद से मुक्त हो चुके बस्तर में जवानों के साथ त्योहार मना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इसे जवानों के प्रति प्रधानमंत्री के सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक बताया।

उन्होंने देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात सभी जवानों को भी दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक संजीव चौरसिया, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरीय अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।