दीवारों पर जन्मी कला अब बाजार की शान, बिहार के हुनर ने पकड़ी करोड़ों की उड़ान
बिहार की लोक कलाएं अब घरों की दीवारों से निकलकर बाजारों और संग्रहालयों तक पहुंच गई हैं, जिससे कलाकारों को आजीविका और करोड़ों का कारोबार मिल रहा है।

कलाकारों के हुनर को बाजार
HighLights
बिहार की लोक कलाएं दीवारों से बाजार तक पहुंचीं।
कलाकारों को आजीविका और करोड़ों का कारोबार मिला।
पटना हाट, संग्रहालय ने कला को नया बाजार दिया।
प्रभात रंजन, पटना। बिहार की लोक कलाएं कभी घरों की दीवारों, आंगन की मिट्टी और त्योहारों की स्मृतियों में सांस लेती थीं। आज वही कला राजधानी के बाजारों से लेकर संग्रहालयों और देश के दूसरे हिस्सों तक अपनी पहचान बना रही है। मधुबनी पेंटिंग, टिकुली, मंजूषा, सिक्की, सुजनी, बावन बूटी और टेराकोटा अब सिर्फ विरासत नहीं, कलाकारों की आजीविका और बड़े बाजार का हिस्सा बन चुकी हैं।
जहां कभी दीवार थी कैनवास, वहीं अब बाजार बना पहचान
मिथिला के घरों में बनने वाला कोहबर हो या आंगन में उभरती लोक आकृतियां, इन कलाओं की जड़ें सीधे लोकजीवन से जुड़ी हैं। समय बदला तो कच्ची दीवारों की जगह पक्के मकानों ने ले ली, लेकिन कलाकारों ने अपनी कला को खत्म नहीं होने दिया।
दीवारों से निकली तस्वीरें कागज और कैनवास पर आईं। फिर यही रंग साड़ियों, दुपट्टों, बैग, डायरी और सजावटी सामान पर उतर गए। कला ने अपना रूप बदला और बाजार ने उसका दायरा बढ़ा दिया।
1952 में रखी नींव, आज कलाकारों के हुनर को बाजार
पाटलिपुत्र स्थित उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान ने लोक कलाओं को प्रशिक्षण और बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पद्मश्री उपेंद्र महारथी के प्रयास से 1952 में स्थापित इस संस्थान में कभी 24 हस्तकलाओं में प्रशिक्षण दिया जाता था। वर्तमान में 18 हस्तकलाओं में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
संस्थान से जुड़े कलाकारों को बाजार की मांग के अनुसार नए डिजाइन की ट्रेनिंग दी जाती है। कलाकारों के बनाए उत्पाद पटना हाट, खादी माल, बिहार संग्रहालय, बिहार इंपोरियम और विभिन्न मेलों तक पहुंच रहे हैं।
पटना हाट खुला तो कलाकारों को मिला अपना बाजार
छोटे स्तर पर कलाकृतियों की बिक्री के लिए 2011 में स्टोर बनाए गए थे। इसके बाद पांच अगस्त 2015 को पटना हाट का उद्घाटन हुआ। यहां 20 से अधिक दुकानें कलाकारों को बिक्री के लिए उपलब्ध कराई गई हैं।
पटना हाट ने कलाकारों के लिए महज दुकान नहीं, बल्कि सीधे ग्राहक तक पहुंचने का रास्ता खोला। इससे कला के साथ कलाकार की आर्थिक स्थिति मजबूत होने लगी और लोक कलाओं को स्थायी बाजार मिलने लगा।
संग्रहालय की दुकान ने रचा कारोबार का नया इतिहास
बिहार संग्रहालय में लोक कलाएं अब सिर्फ देखने की चीज नहीं रहीं। संग्रहालय परिसर में 2017-18 में शुरू हुई सोविनियर शाप में मिथिला पेंटिंग, टिकुली, मंजूषा, बावन बूटी समेत कई कलाकृतियां बिकती हैं।
2024-25 में इस दुकान का कारोबार एक करोड़ 34 लाख रुपये रहा। पर्यटकों के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ी है। सबसे अधिक मांग बावन बूटी की बताई गई है। खास बात यह है कि बिक्री की रकम सीधे कलाकारों के बैंक खाते में भेजी जाती है।
खादी माल में हर महीने 15-20 लाख का लोककला कारोबार
गांधी मैदान स्थित खादी माल का उद्घाटन पांच नवंबर 2019 को हुआ था। तीन तल के इस माल में कपड़ों के साथ बिहार की पारंपरिक लोक कलाओं को भी जगह मिली है।
खादी माल से सौ से अधिक शिल्पकार जुड़े हैं। यहां मिथिला पेंटिंग, मंजूषा, टिकुली, सुजनी और बावन बूटी सहित विभिन्न शिल्पों की बिक्री होती है। इन लोककलाओं का कारोबार 15 से 20 लाख रुपये प्रतिमाह तक पहुंच रहा है।
एक लाख से ज्यादा कलाकार, हजारों हाथों में हुनर
सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में एक लाख से अधिक शिल्प कलाकार निबंधित हैं। करीब 60 हजार कलाकार मिथिला पेंटिंग से जुड़े हैं, जबकि लगभग 15 हजार टिकुली, छह हजार सुजनी और आठ हजार कलाकार सिक्की कला से जुड़े हैं।
करीब 2500 कलाकार कसीदाकारी से भी जुड़े हैं। यानी बिहार की लोककला अब कुछ परिवारों की परंपरा नहीं रही, बल्कि बड़ी संख्या में लोगों की रोजी-रोटी का आधार बन रही है।
पद्मश्री ने बढ़ाया बिहार के लोक हुनर का मान
बिहार की लोक कलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार सम्मान मिला है। उपेंद्र महारथी, जगदंबा देवी, सीता देवी, गंगा देवी, महासुंदरी देवी, बौआ देवी, गोदावरी दत्त, दुलारी देवी सहित कई कलाकारों को पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है।
टिकुली, सुजनी, पेपरमेशी और गोदना जैसी कलाओं ने भी राष्ट्रीय पहचान बनाई है। उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान में पद्मश्री प्राप्त शिल्पकारों की प्रतिमाएं स्थापित हैं, जो आने वाली पीढ़ी को इस विरासत की कहानी सुनाती हैं।
रंग खूबसूरत हैं, लेकिन इनके पीछे संघर्ष की लंबी कहानी
किसी दुकान में सजी खूबसूरत कलाकृति की कीमत तय करना आसान है, लेकिन उसके पीछे लगी कलाकार की घंटों और कई दिनों की मेहनत दिखाई नहीं देती। राज्य पुरस्कार प्राप्त मिथिला पेंटिंग कलाकार राजकुमार लाल बताते हैं कि एक चित्र तैयार करने में लंबा समय लगता है।
राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त विभा लाल के अनुसार कलाकार के लिए मेहनत के अनुरूप कीमत मिलना सबसे बड़ी बात है। कला बनाने के साथ बाजार खोजना, ग्राहक तक पहुंचना, प्रदर्शनी में सामान पहुंचाना और ऑनलाइन बिक्री की समझ विकसित करना भी बड़ी चुनौती है।
दीवार से डिजिटल बाजार तक पहुंची बिहार की कहानी
पहले सवाल था कि कला को घर से बाहर कैसे निकाला जाए। अब चुनौती यह है कि बाजार में मौजूद हजारों उत्पादों के बीच अपनी कला की अलग पहचान कैसे बनाई जाए। इसी बदलाव की कहानी पटना में तेजी से बढ़ता लोककला बाजार सुना रहा है।
आज कोई पर्यटक मधुबनी पेंटिंग खरीदता है तो उसके साथ सिर्फ एक चित्र नहीं जाता। उसके साथ मिथिला की संस्कृति, कलाकार की मेहनत और बिहार की पहचान भी उसके घर पहुंचती है।
सिक्की में गांव की सादगी, मंजूषा में लोककथा, सुजनी में रचनात्मकता और टिकुली में परंपरा का नया रूप दिखाई देता है। दीवारों से दुकानों तक पहुंची यह कला अब बिहार की पहचान के साथ रोजगार और करोड़ों के कारोबार की नई कहानी भी लिख रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।