विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का CM सम्राट ने किया हवाई सर्वेक्षण, बंगाल सरकार ने खोले फरक्का बराज के सभी गेट

Published: Mon, 24 Aug 2026 07:10 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति का हवाई सर्वेक्षण किया। उनकी ...और पढ़ें

बिहार में बाढ़ का जायजा लेने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हवाई सर्वेक्षण

बिहार में बाढ़ का जायजा लेने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का हवाई सर्वेक्षण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया।

  2. फरक्का बराज के सभी गेट बंगाल सरकार ने खोल दिए।

  3. बाढ़ नियंत्रण और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश।

राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आग्रह पर बंगाल सरकार ने फरक्का बराज के सभी गेट खोल दिए। पहल से बिहार में गंगा किनारे के कई जिलों में तेजी से बाढ़ नियंत्रण की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विभिन्न प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

नवगछिया, राघोपुर दियारा, कोसी-गंगा संगम क्षेत्र, बेगूसराय एवं बख्तियारपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया। हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा नदी एवं इसकी सहायक नदियों के

जलस्तर, दियारा एवं निचले इलाकों में उत्पन्न स्थिति तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे। प्रभावित लोगों तक भोजन, पेयजल, राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने भागलपुर एयरपोर्ट पर उच्च अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि तेजी से पानी का दवाब कम हो रहा है। बहुत जल्द स्थिति में सुधार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अविलंब मरम्मती कार्य कराने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी का निर्देश दिया। बाढ़ की स्थिति में प्रभावितों को एसओपी के अनुसार पूरी सहायता उपलब्ध कराते रहें। राहत और बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ करें।

हवाई सर्वेक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के अतिरिक्त शीर्ष अधिकारी भी थे।