विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में बनेगा देश का पहला पुल म्यूजियम, तीन मंजिला भवन लगभग तैयार

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:21 PM (IST)

बिहार में देश का पहला पुल म्यूजियम पटना गंगा पथ पर कच्चीदरगाह-बिदुपुर पुल के पास बन रहा है, जिसका तीन ...और पढ़ें

निर्माण में योगदान देने वालों की तस्वीरें भी होंगी प्रदर्शित(AI फोटो)

निर्माण में योगदान देने वालों की तस्वीरें भी होंगी प्रदर्शित(AI फोटो)

राज्य ब्यूरो,पटना। पटना। बिहार में जल्द ही देश का पहला पुल म्यूजियम अस्तित्व में आएगा। पटना गंगा पथ के कच्चीदरगाह-बिदुपुर पुल (नीतीश सेतु) के पास इसका तीन मंजिला भवन लगभग तैयार हो चुका है। पथ निर्माण विभाग की ओर से इस म्यूजियम को आकर्षक और ज्ञानवर्धक बनाने की तैयारी की जा रही है। यहां आने वाले लोगों को पुल निर्माण से जुड़ी पूरी कहानी जानने और देखने का मौका मिलेगा। म्यूजियम में तस्वीरों, वीडियो और डिजिटल माध्यमों से पुल के इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा।

पुल बनने से पहले की स्थिति भी जान सकेंगे लोग

पुल म्यूजियम में सिर्फ निर्माण की कहानी ही नहीं दिखाई जाएगी, बल्कि पुल बनने से पहले संबंधित इलाके की स्थिति से भी लोगों को रूबरू कराया जाएगा। तस्वीरों और डिजिटल माध्यमों से बताया जाएगा कि पुल निर्माण से पहले इस क्षेत्र की भौगोलिक और सामाजिक स्थिति कैसी थी।

उस समय लोगों को आवागमन में किन-किन परेशानियों का सामना करना पड़ता था, इसकी जानकारी भी उपलब्ध होगी। इसके माध्यम से लोग समझ सकेंगे कि पुल बनने से इलाके में किस तरह का बदलाव आया।

निर्माण में इस्तेमाल मशीनों और तकनीक की मिलेगी जानकारी

कच्चीदरगाह-बिदुपुर पुल बिहार में गंगा नदी पर बने सबसे बड़े पुलों में शामिल है। इसके निर्माण में कई आधुनिक तकनीकों और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया गया है। गंगा नदी में पुल के पिलर तैयार करने के लिए जेटी जैसी विशेष व्यवस्था का उपयोग किया गया।

कोरोना काल के दौरान निर्माण कार्य में आई चुनौतियों की कहानी भी म्यूजियम का हिस्सा होगी। यहां लोगों को बताया जाएगा कि किन-किन मशीनों और उपकरणों की मदद से पुल का निर्माण किया गया। निर्माण में इस्तेमाल मशीनों के मॉडल और विभिन्न निर्माण सामग्रियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

शिलान्यास से वाहनों की रफ्तार तक की दिखाई जाएगी कहानी

म्यूजियम में आने वाले लोगों को जानकारी देने के साथ मनोरंजन का भी ध्यान रखा जाएगा, ताकि यह संग्रहालय बोझिल न लगे। इसके लिए पुल के शिलान्यास से लेकर निर्माण पूरा होने और उस पर वाहनों के परिचालन तक की पूरी कहानी वीडियो के माध्यम से दिखाई जाएगी।

लोग देख सकेंगे कि किस तरह एक बड़े प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई और धीरे-धीरे निर्माण कार्य आगे बढ़ते हुए पुल ने आकार लिया। इसके जरिए पुल के निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धियों और घटनाओं को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

निर्माण में योगदान देने वालों की तस्वीरें भी होंगी प्रदर्शित

पुल म्यूजियम में इसके निर्माण से जुड़े लोगों को भी विशेष स्थान दिया जाएगा। निर्माण कार्य में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अधिकारियों, इंजीनियरों और अन्य कर्मियों की तस्वीरें यहां प्रदर्शित की जाएंगी।

इससे लोगों को उन व्यक्तियों के योगदान के बारे में जानने का अवसर मिलेगा, जिनकी मेहनत से यह महत्वपूर्ण परियोजना पूरी हुई। फिलहाल पथ निर्माण विभाग म्यूजियम में प्रदर्शों को व्यवस्थित और आकर्षक तरीके से रखने को लेकर व्यापक स्तर पर विमर्श कर रहा है।

उद्देश्य है कि यह म्यूजियम न केवल बिहार की इंजीनियरिंग उपलब्धियों का दस्तावेज बने, बल्कि आम लोगों और नई पीढ़ी के लिए भी ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र साबित हो।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।