विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Film Policy: बिहार में फिल्म शूटिंग पर ₹4 करोड़ की सब्सिडी, लोकल कलाकारों को कास्ट करने पर 50% एक्स्ट्रा सैलरी

Published: Tue, 09 Jun 2026 03:23 AM (IST)

बिहार में फिल्म प्रोत्साहन नीति के तहत शूटिंग करने वाले निर्माताओं को 4 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी, साथ ...और पढ़ें

फिल्म शूटिंग। फाइल फोटो

फिल्म शूटिंग। फाइल फोटो

HighLights

  1. फिल्म निर्माताओं को 4 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी।

  2. स्थानीय कलाकारों को काम देने पर 50% अतिरिक्त अनुदान।

  3. 50 से अधिक फिल्मों की शूटिंग, पर्यटन को बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, पटना। बिहार में फिल्म प्रोत्साहन नीति के तहत शूटिंग करने वाले निर्माताओं को चार करोड़ रुपये तक की सब्सिडी (अनुदान) देने का प्रावधान है। इसके अलावा प्रदेश के कलाकारों को काम देने पर उन्हें भुगतान की गई राशि का 50 प्रतिशत अतिरिक्त अनुदान दिया जाता है। इससे कलाकारों को राज्य में ही काम करने का अवसर मिल रहा है। ये बातें कला मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहीं।

सोमवार को फिल्म अभिनेता कुमार कन्हैया सिंह ने मंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की। मंत्री ने अभिनेता को उनकी फिल्म सरकारी मीडियम के लिए शुभकामना दी।

आसान है रजिस्ट्रेशन, 50 से ज्यादा फिल्मों की हुई शूटिंग

मंत्री ने कहा कि फिल्म नीति का निर्माण विभिन्न राज्यों की फिल्म नीतियों का अध्ययन करने के बाद निर्माताओं को ध्यान में रखकर किया गया है। प्रदेश में फिल्म निर्माताओं और कलाकारों से फीडबैक लिया जा रहा है। प्रदेश में अब तक 50 से अधिक फिल्मों की शूटिंग की अनुमति दी गई है।

अब फिल्म निर्माताओं को शूटिंग को लेकर परमिशन के लिए अलग-अलग विभागों में आवेदन देने की आवश्यकता नहीं है। निर्माता, फिल्म निगम की वेबसाइट https://film.bihar.gov.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकता है।

बिहारी पर्यटन स्थलों को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान 

फिल्म निर्माताओं की सुविधा के लिए कलाकारों और वेंडर का डेटाबेस तैयार किया जा रहा है। फिल्म अभिनेता ने कहा कि फिल्म नीति के जरिए प्रदेश के फिल्म उद्योग के साथ पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।

भारतीय भाषाओं में बिहार की कहानी बड़े पर्दे पर नजर आएगी। फिल्म सरकारी मीडियम की शूटिंग 17 अप्रैल से एक मई तक पूर्वी चंपारण जिले के अलावा अन्य जिलों में हुई है।

फिल्म में डॉ. तिस्या श्री, प्रिंस गुप्ता, आयुष पांडेय, रविकांत, गौतम गुलाल आदि कलाकारों ने अभिनय किया है। फिल्म के लेखक और निर्देशक राज सागर मोतिहारी के रहने वाले हैं जो मुंबई के फिल्म उद्योग में सक्रिय हैं।

यह भी पढ़ें- बिहार पुलिस तबादला लिस्ट जारी: 20 इंस्पेक्टर समेत 68 पुलिसकर्मियों का फेरबदल, विशेष शाखा के अधिकारी फील्ड में भेजे गए

यह भी पढ़ें- पुलिस को खुली चुनौती, हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार बदमाश हथकड़ी समेत खरीक थाने से फरार