विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार बनेगा 'फिल्म हब', शूटिंग लोकेशन से लेकर सब्सिडी तक; एक क्लिक पर मिलेगी हर जानकारी

Published: Sat, 14 Feb 2026 11:55 AM (IST)

बिहार अब फिल्म शूटिंग के लिए एक प्रमुख केंद्र बन रहा है। राज्य सरकार ने एक वेबसाइट (biharfilm.web.app) लॉन्च की ...और पढ़ें

बिहार बनेगा फिल्म हब

बिहार बनेगा फिल्म हब

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

प्रभात रंजन, पटना। राजधानी व प्रदेश अब फिल्म शूटिंग के मानचित्र पर तेजी से उभर रहे हैं। राजधानी के 15 प्रमुख स्थलों सहित प्रदेश के दर्जनों ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व प्राकृतिक लोकेशन फिल्मकारों को आकर्षित कर रहे हैं। सरकार द्वारा विकसित वेबसाइट पर इन शूटिंग लोकेशनों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है ताकि निर्माता-निर्देशकों को स्थान चयन में सहूलियत मिल रही है। 

राजधानी में शूटिंग के लिए जिन प्रमुख स्थलों को चिह्नित किया गया है, उनमें बिहार संग्रहालय, पटना संग्रहालय, खुदाबख्श लाइब्रेरी, तारामंडल, गांधी संग्रहालय, सात शहीद पार्क, पुराना सचिवालय, बिहार विधानसभा, सुल्तान पैलेस, बुद्ध स्मृति पार्क, पटना जू, जेपी गंगा पथ तथा दरभंगा हाउस शामिल हैं। 

रोहतास गढ़ का किला भी शामिल

ये स्थल अपनी वास्तुकला, हरियाली और ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के कारण फिल्म निर्माण के लिए उपयुक्त माने जा रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य ऐतिहासिक-प्राकृतिक स्थलों में नालंदा का विश्व शांति स्तूप, कैमूर की पहाड़ियां, रोहतास के तुतला भवानी वाटर फाल, नवादा का ककोलत वाटर फाल, जहानाबाद जिले की बराबर पहाड़ी आदि है।

प्रकृति से जुड़े स्थानों में मुंगेर का भीमबांध, वाल्मीकि टाइगर रिर्जव, कैमूर की पहाड़ी, नालंदा का घोड़ा कटोरा, पांडु पोखर, नालंदा का वेणु वन, वैशाली का अशोक स्तंभ, रोहतास गढ़ का किला, दरभंगा महाराज का भवन, पूर्वी चंपारण का केसरिया स्तूप, रोहतास में शेरशाह का मकबरा समेत अन्य स्थल शूटिंग के लिए है। 

इन स्थानों की विविधता, ऐतिहासिक धरोहर, हरियाली, जलप्रपात, पहाड़ियां व आधुनिक संरचनाएं फिल्मों, वेब सीरीज और डाक्यूमेंट्री बनाने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान कर रही हैं। 

सरकार का उद्देश्य है कि फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देकर न केवल राज्य की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा सकती है बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। फिल्म निर्माण गतिविधियों के बढ़ने से होटल, परिवहन और अन्य सहायक सेवाओं को भी सीधा लाभ मिल रहा है।

वेबसाइट के जरिए फिल्म शूटिंग को मिलेगी अनुमति

राज्य में अब फिल्म शूटिंग करने वालों को अब स्थलों और अन्य सभी आवश्यक जानकारी एक क्लिक पर मिलेगी। बिहार राज्य फिल्म वित्त निगम लि. के आधिकारिक वेबसाइट पर फिल्म निर्माण करने वाले निर्माताओं को जानकारी मिलने के साथ शूटिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन देकर अनुमति प्राप्त कर सकते हैं। 

वेबसाइट पर आवेदन करने के बाद अनुमति मिलने के बाद अपने पसंद के स्थलों पर फिल्म की शूटिंग कर सकते हैं। वेबसाइट पर सभी महत्वपूर्ण शूटिंग स्थलों का अत्यंत प्रभावी और आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। विश्व के किसी कोने से बिहार के शूटिंग लोकेशन को अब आसानी से एक क्लिक पर खोजा जा सकता है। 

बिहार राज्य फिल्म वित्त निगम लि. के वेबसाइट biharfilm.web.app पर फिल्म निर्माताओं को शूटिंग को लेकर स्थलों के चयन करने में आसानी होगी।

फिल्मों के बारे में मिलेगी जानकारी

फिल्म नीति लागू होने के बाद वेबसाइट पर प्रदेश में अब तक जिन फिल्मों की शूटिंग पूरी हो गई है उसके बारे में जानकारी उपलब्ध है। फिल्म वित्त निगम लि. के परामर्शी अरविंद रंजन दास ने बताया कि फिल्म नीति लागू होने के बाद 39 फिल्मों की अनुमति मिलने के बाद इसमें से 36 फिल्मों की शूटिंग पूरी हो गई है। इसमें दो फिल्मों के प्रसारण बाद अनुदान दिया जाएगा। 

वेबसाइट पर जिन फिल्मों की शूटिंग हो गई है उसकी जानकारी दी गई है। इसमें फिल्म संघतिया, ओ माय डाग , मगध पुत्र, इको आफ अबसेंट, आखिरी लेसन, चंपारण सत्याग्रह, जय पशुपति नाथ, द लांग जर्नी होम, बिहार का जलवा आदि है। 

फिल्म नीति के तहत प्रदेश में 50 से 75 प्रतिशत शूटिंग पूरी होने के बाद अनुदान का प्रावधान है। फिल्म निर्माताओं को सब्सिडी का लाभ शूटिंग और प्रसारित होने के बाद मिलेगी।

कलाकारों के बारे में मिलेगी जानकारी

फिल्म वित्त निगम लि. के वेबसाइट पर जल्द ही कलाकारों, तकनीशियन, म्यूजिशन, स्थल पर कार्य करने वाले कलाकारों का डेटा बेस तैयार होने के साथ अपलोड किया जाएगा। विधा से जुड़े लोग वेबसाइट पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। 

इसके जरिए फिल्म निर्माताओं को फिल्म निर्माण से संबंधित सारी जानकारी एक क्लिक पर मिलेगी। वहीं, प्रदेश के कलाकारों एवं विधा से जुड़े अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के द्वार खुलेंगे। फिल्म निर्माण को लेकर निर्माता कलाकारों व अन्य लोगों के डेटा प्राप्त करने के बाद उसे कार्य करने का अवसर दे सकते हैं। 

राज्य के कलाकारों को रोजगार के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। वेबसाइट पर ही वेशभूषा, उपकरण और शूटिंग से जुड़ी अन्य सेवाओं की जानकारी मिलेगी। वहीं वेबसाइट पर प्रमुख स्थलों के बारे में वर्चुअल लोकेशन प्राप्त होगा। जिससे फिल्म निर्माता शूटिंग स्थलों का वास्तविक अनुभव प्राप्त कर सकते हैं।