विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंजीनियर के पास पटना से नोएडा तक 3.60 करोड़ की 7 संपत्तियां, 1.97 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का केस

Published: Wed, 16 Sep 2026 08:50 PM (IST)

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता सत्येन्द्र कुमार चौधरी के पटना और पूर्णिया स्थित ठिकानों पर ...और पढ़ें

पटना में पांच मंजिला मकान

पटना में पांच मंजिला मकान

HighLights

  1. अधीक्षण अभियंता सत्येन्द्र चौधरी के ठिकानों पर निगरानी की छापेमारी।

  2. पटना, नोएडा समेत 7 अचल संपत्तियां, कुल ₹3.60 करोड़ की मिलीं।

  3. ₹1.97 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज।

राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भवन निर्माण विभाग के पूर्णिया प्रमंडल के अधीक्षण अभियंता सत्येन्द्र कुमार चौधरी के पटना और पूर्णिया स्थित तीन ठिकानों पर बुधवार को तलाशी ली। जांच के दौरान इंजीनियर, उनकी पत्नी उषा देवी और स्वजनों के नाम पर सात अचल संपत्तियों की जानकारी मिली है। निगरानी के अनुसार इनकी कुल कीमत 3 करोड़ 60 लाख 58 हजार रुपये है।

पटना में पांच मंजिला मकान, नौबतपुर में चार भूखंड

जांच में फुलवारीशरीफ में पांच मंजिला मकान, नौबतपुर में कुल 74 डिसमिल के चार भूखंड और दानापुर में 7.18 डिसमिल का एक भूखंड सामने आया है।

इसके अलावा ग्रेटर नोएडा में एक फ्लैट की जानकारी भी जांच टीम को मिली है। ये संपत्तियां वर्ष 2011 से 2025 के बीच खरीदे जाने की बात सामने आई है।

आय से 68 प्रतिशत अधिक संपत्ति का दावा

निगरानी के अनुसार जांच में 26 लाख रुपये की चल संपत्ति भी मिली है। ब्यूरो का कहना है कि सामने आई कुल संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 68 प्रतिशत अधिक है।

इसी आधार पर सत्येन्द्र कुमार चौधरी के खिलाफ 1 करोड़ 97 लाख 58 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का कांड दर्ज किया गया है।

पांच मंजिला मकान में देर रात तक चली तलाशी

फुलवारीशरीफ स्थित पांच मंजिला मकान में निगरानी टीम ने देर रात तक तलाशी ली। यहां 10 एसी, सोलर पैनल और महंगे फर्नीचर मिले हैं। इनकी कीमत का आकलन कराया जा रहा है। एजी कॉलोनी स्थित तीन मंजिला भवन की भी तलाशी ली गई।

नकदी, आभूषण और निवेश के कागजात मिले

छापेमारी के दौरान करीब एक लाख रुपये नकद, सोने-चांदी और हीरे के आभूषण मिलने की बात कही गई है। इनके मूल्यांकन की प्रक्रिया जारी है। टीम को बैंक खातों, एलआइसी में निवेश से जुड़े कागजात और हुंडई कंपनी की एक कार भी मिली है।

संपत्तियों और लेन-देन की जांच जारी

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो अब सामने आई संपत्तियों, निवेश और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रहा है। संपत्तियों की खरीद, आय के स्रोत और उनके मूल्यांकन से जुड़े रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। मामला फिलहाल जांच के चरण में है।

यह भी पढ़ें- इंजीनियर के आलीशान मकान पर छापा, पटना-पूर्णिया के 3 ठिकाने एक साथ खंगाले; दस्तावेजों से खुलेगा संपत्ति का हिसाब